60 दिन बाद भी बॉक्स ऑफिस पर कायम ‘धुरंधर’ का जलवा, 4 करोड़ टिकट बेचकर रचा इतिहास
रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' 60 दिनों के बाद भी बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा बनाए हुए है, 4 करोड़ से अधिक टिकट बेच चुकी है और सिनेमा के विशिष्ट क्लब में शामिल हो गई है।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ को रिलीज हुए 60 दिन से ज्यादा हो चुके हैं, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसकी रफ्तार अब भी थमी नहीं है। सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन के बाद फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर भी रिलीज हो चुकी है, जहां इसे जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। इसी बीच ‘धुरंधर’ ने भारतीय सिनेमा में एक नया और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। रणवीर सिंह समेत कई दिग्गज सितारों से सजी इस फिल्म ने टिकट बिक्री के मामले में कई सुपरहिट फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है।
4 करोड़ टिकट बिके, बना नया रिकॉर्ड
‘धुरंधर’ ने अब तक भारत में 4 करोड़ (40 मिलियन) से ज्यादा टिकटों की बिक्री कर ली है। इसके साथ ही यह फिल्म 50 दिनों से ज्यादा समय तक सिनेमाघरों में टिके रहने वाली चुनिंदा फिल्मों की सूची में भी शामिल हो गई है। दुनियाभर में फिल्म का कलेक्शन 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुका है। खास बात यह है कि यह रिकॉर्ड ऐसे समय में बना है, जब फिल्म के सीक्वल ‘धुरंधर 2’ का टीजर भी रिलीज हो चुका है, जिससे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।
रिलीज से अब तक दर्शकों का मजबूत समर्थन
रणवीर सिंह स्टारर यह फिल्म 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। पहले दिन फिल्म ने करीब 30 करोड़ रुपये की कमाई की थी। हालांकि यह सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म नहीं बनी, लेकिन मजबूत कहानी, दमदार एक्शन और देशभक्ति से जुड़ी थीम के चलते फिल्म को लगातार दर्शकों का प्यार मिलता रहा। यही वजह है कि ‘धुरंधर’ को वर्ड-ऑफ-माउथ से बड़ी सफलता मिली।
भारतीय सिनेमा के एलीट क्लब में शामिल
चार करोड़ से ज्यादा टिकटों की बिक्री के साथ ‘धुरंधर’ अब भारतीय सिनेमा के एलीट क्लब में शामिल हो गई है। बॉक्स ऑफिस इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, यह 19वीं भारतीय फिल्म है, जिसने डोमेस्टिक मार्केट में 40 मिलियन से अधिक फुटफॉल दर्ज किए हैं। ये आंकड़े थिएटर रन और औसत टिकट कीमत के आधार पर तय किए गए हैं।
इन सुपरहिट फिल्मों को छोड़ा पीछे
फुटफॉल के मामले में ‘धुरंधर’ ने आमिर खान की ‘दंगल’ और ‘पीके’, शाहरुख खान की ‘कुछ कुछ होता है’ और ‘कभी खुशी कभी गम’, सनी देओल की ‘बॉर्डर’ जैसी बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। इसके अलावा देव आनंद की ‘सीआईडी’ और राजकुमार की ‘लैला मजनूं’ जैसी क्लासिक फिल्में भी इस मामले में पीछे रह गई हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0