खेती को डिजिटल ताकत देने की तैयारी, ‘भारत विस्तार’ से किसानों को मिलेगा AI साथी

सरकार ने किसानों के लिए फसल, मौसम, मिट्टी और योजनाओं से संबंधित जानकारी उनकी अपनी भाषा में प्राप्त करने के लिए एआई-संचालित डिजिटल प्लेटफॉर्म भारत विस्तार की घोषणा की है।

Feb 1, 2026 - 14:01
 0
खेती को डिजिटल ताकत देने की तैयारी, ‘भारत विस्तार’ से किसानों को मिलेगा AI साथी

केंद्र सरकार ने खेती-किसानी को आधुनिक और तकनीक से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। बजट 2026 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने किसानों के लिए एक खास एआई पावर्ड प्लेटफॉर्म ‘भारत विस्तार’ लॉन्च करने की घोषणा की है। सरकार का मानना है कि यह प्लेटफॉर्म किसानों के लिए एक डिजिटल साथी की तरह काम करेगा। इससे किसानों को मौसम, मिट्टी की सेहत, फसल और सरकारी योजनाओं से जुड़ी सटीक जानकारी उनकी अपनी भाषा में मिलेगी। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से किसानों की पैदावार बढ़ेगी और वे तकनीकी रूप से ज्यादा सक्षम बनेंगे।

अपनी भाषा में मिलेगी खेती की सही सलाह
‘भारत विस्तार’ का पूरा नाम वर्चुअली इंटीग्रेटेड सिस्टम टू एक्सेस एग्रीकल्चरल रिसोर्सेज है। यह एक ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म होगा जो कई भारतीय भाषाओं में काम करेगा। इसे सीधे एग्री-स्टैक पोर्टल और आईसीएआर (ICAR) के डेटा से जोड़ा जाएगा। इससे किसानों को मौसम की जानकारी, बुवाई का सही समय, मिट्टी की गुणवत्ता और फसल से जुड़ी सलाह उनकी समझ की भाषा में मिलेगी। रिपोर्ट्स के अनुसार, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में पहले से ही करीब 4,000 कर्मचारी एआई चैटबॉट का इस्तेमाल कर रहे हैं। अब इस सिस्टम को पूरे देश में लागू करने की तैयारी है, ताकि किसान बुवाई से लेकर कटाई तक के फैसले डेटा के आधार पर ले सकें।

सरकारी योजनाओं तक होगी सीधी पहुंच
इस एआई प्लेटफॉर्म का एक बड़ा फायदा यह होगा कि किसानों को अब सलाह के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। वाधवानी एआई द्वारा तैयार किया जा रहा चैटबॉट सीधे किसान कॉल सेंटर से जुड़ा होगा। इसके जरिए एक साथ लाखों किसानों के सवालों के जवाब दिए जा सकेंगे। साथ ही, किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की पूरी जानकारी इसी प्लेटफॉर्म पर मिलेगी। किसान यहां से अपने लिए सही योजना चुनकर आवेदन भी कर सकेंगे। इससे किसान और सरकार के बीच सीधा संपर्क बनेगा और बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी।

फोटो से होगी कीटों की पहचान
‘भारत विस्तार’ की एक खास बात यह है कि इसमें सिर्फ किताबों की जानकारी नहीं, बल्कि किसानों के स्थानीय अनुभव भी जोड़े गए हैं। तमिलनाडु जैसे राज्यों के हजारों किसानों के व्यावहारिक अनुभव इस प्लेटफॉर्म का हिस्सा हैं। इसके अलावा, इसमें इमेज-रिकग्निशन तकनीक जोड़ी जा रही है। किसान अपनी फसल की फोटो खींचकर यह जान सकेंगे कि कौन सा कीट या बीमारी लगी है और उसका इलाज क्या है। यह सिस्टम आवाज और टेक्स्ट दोनों के जरिए किसानों की मदद करेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।