कानपुर में संदिग्ध हालात में महिला की मौत, तीन महीने पहले की थी दूसरी शादी, पति फरार
कानपुर में एक 26 वर्षीय महिला संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई। तीन महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी, उसका पति लापता है और परिवार हत्या का आरोप लगा रहा है।
उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोमवार देर शाम पनकी थाना क्षेत्र में एक फ्लैट के अंदर 26 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध हालत में मिला। महिला ने अपने पहले पति की मौत के बाद तीन महीने पहले दूसरी शादी की थी। घटना के बाद महिला का पति मौके से फरार हो गया है। मृतका के मायके वालों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी पति की तलाश की जा रही है।
पहले पति की मौत के बाद की थी दूसरी शादी
मृतका की पहचान पनकी थाना क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी निवासी दीपिका सैनी के रूप में हुई है। दीपिका की पहली शादी हरदोई निवासी ट्रक चालक खालिद से हुई थी। इस शादी से उसके दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा रूद्र छह साल का और छोटा बेटा अनिरुद्ध तीन साल का है। करीब एक साल पहले सड़क हादसे में खालिद की मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद दीपिका अपने बच्चों के साथ रहने लगी थी।
मोहल्ले के युवक से हुआ प्रेम, फेसबुक से बढ़ी नजदीकियां
दीपिका के भाई आयूष ने बताया कि खालिद की मौत के बाद दीपिका की दोस्ती मोहल्ले में रहने वाले युवक शिवम दुबे उर्फ शोएब से हो गई। दोनों की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए और 25 अक्टूबर को दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद दोनों पनकी इलाके के इंक्लेव अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर किराए के फ्लैट में रह रहे थे।
फोन कॉल के बाद हुआ शक, घर पहुंचने पर मिली लाश
मृतका के भाई के अनुसार, सोमवार देर शाम शोएब ने उसे फोन किया और रोते हुए बात करने लगा। जब उसने रोने की वजह पूछी तो शोएब ने अचानक फोन काट दिया। अनहोनी की आशंका होने पर परिजन तुरंत फ्लैट पहुंचे। वहां देखा कि दीपिका का शव बेड पर पड़ा हुआ था। पुलिस को सूचना देने से पहले ही शोएब मौके से फरार हो गया।
शरीर पर मिले चोटों के निशान, पुलिस जांच में जुटी
परिजनों का आरोप है कि दीपिका के गले पर दुपट्टे से कसने के निशान थे। इसके अलावा दाहिनी आंख के पास चोट और गले व अंगूठे के पास गहरे निशान भी पाए गए। सूचना मिलने पर पनकी थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद की बात सामने आई है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार पति की तलाश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0