मैं आपका सलाहकार नहीं हूं… संसद में राहुल गांधी पर भड़के लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भारत-चीन संघर्ष पर अप्रकाशित संस्मरण का हवाला देने पर राहुल गांधी को फटकार लगाई, भाजपा ने इसे संसद की गरिमा और सेना के मनोबल पर हमला बताया।
लोकसभा में सोमवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की बहस के दौरान उस वक्त विवाद खड़ा हो गया, जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से यह पूछ लिया कि उन्हें बहस में क्या बोलना चाहिए। इस सवाल पर अध्यक्ष ओम बिरला ने दो टूक शब्दों में कहा कि मैं आपका सलाहकार नहीं हूं। उन्होंने साफ किया कि अध्यक्ष के तौर पर उनकी जिम्मेदारी सिर्फ यह सुनिश्चित करना है कि सदन नियमों और परंपराओं के अनुसार चले।
अप्रकाशित संस्मरण को लेकर बढ़ा विवाद
दरअसल, राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे के 2020 के भारत-चीन सीमा संघर्ष से जुड़े एक अप्रकाशित संस्मरण का हवाला देने की कोशिश की। इसी बात पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने कड़ी आपत्ति जताई। उनका कहना था कि किसी अप्रकाशित पुस्तक या दस्तावेज को सदन में उद्धृत नहीं किया जा सकता।
अध्यक्ष की सख्त टिप्पणी
आपत्ति के बाद राहुल गांधी ने फिर अध्यक्ष से पूछा कि वे आखिर क्या बोलें। इस पर ओम बिरला ने कहा कि वे किसी के सलाहकार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सदन में किसी को बोलने से रोका नहीं जा रहा है, लेकिन सभी सदस्यों को नियमों का पालन करना होगा। अध्यक्ष ने कई बार राहुल गांधी से आग्रह किया कि वे अप्रकाशित किताब या पत्रिका का हवाला न दें।
बीजेपी का आरोप, संसद की गरिमा को ठेस
बीजेपी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष के फैसले की अवहेलना की और भारत-चीन सीमा मुद्दे पर झूठे आरोप लगाकर संसद की गरिमा को नुकसान पहुंचाया। बीजेपी नेताओं का कहना था कि इस तरह के बयान भारतीय सेना का मनोबल गिराते हैं। इसी मुद्दे पर सदन में जोरदार हंगामा हुआ।
सदन की कार्यवाही रही बाधित
हंगामे और गतिरोध के चलते लोकसभा की कार्यवाही पहले दो बार स्थगित की गई और बाद में पूरे दिन के लिए स्थगित करनी पड़ी। बीजेपी सदस्यों ने राहुल गांधी पर सदन को गुमराह करने का आरोप लगाया।
राष्ट्रीय सुरक्षा पर राजनीति का आरोप
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह सब जानबूझकर किया गया और इसका मकसद भारत को बदनाम करना और सेना का मनोबल गिराना था। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों को राजनीतिक हथियार नहीं बनाया जाना चाहिए। रीजीजू ने राहुल गांधी से कांग्रेस सरकार के समय चीन को खोई जमीन को लेकर देश से माफी मांगने की भी मांग की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0