‘द केरल स्टोरी 2’ का टीजर जारी, टीवी और साउथ की तीन एक्ट्रेसेस संभालेंगी लीड रोल

केरल स्टोरी 2 का टीज़र रिलीज़ हो गया है। टीवी अभिनेत्रियां अदिति भाटिया, उल्का गुप्ता और दक्षिण भारतीय अभिनेत्री ऐश्वर्या ओझा मुख्य भूमिकाओं में नज़र आएंगी।

Feb 1, 2026 - 14:26
 0
‘द केरल स्टोरी 2’ का टीजर जारी, टीवी और साउथ की तीन एक्ट्रेसेस संभालेंगी लीड रोल

साल 2023 में रिलीज हुई अदा शर्मा स्टारर फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की थी। फिल्म की सफलता के बाद से ही इसके सीक्वल का इंतजार किया जा रहा था। अब दो साल बाद मेकर्स फिल्म का दूसरा भाग लेकर आ रहे हैं। फिल्ममेकर विपुल अमृतलाल शाह ने ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। 30 जनवरी को फिल्म का टीजर भी रिलीज किया गया, जिसमें नई फीमेल स्टारकास्ट की झलक देखने को मिली। खास बात यह है कि इस बार फिल्म में किसी बड़ी बॉलीवुड अभिनेत्री को नहीं, बल्कि टीवी और साउथ इंडस्ट्री की तीन अभिनेत्रियों को लीड रोल में लिया गया है।

टीवी और साउथ की एक्ट्रेसेस पर दांव
‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ में इस बार अदिति भाटिया, उल्का गुप्ता और ऐश्वर्या ओझा नजर आएंगी। अदिति और उल्का टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं, जबकि ऐश्वर्या साउथ फिल्मों और वेब सीरीज में काम कर चुकी हैं। टीजर सामने आने के बाद से ही इन तीनों अभिनेत्रियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। मेकर्स को भरोसा है कि ये तीनों अपने दमदार अभिनय से फिल्म को नई ऊंचाई देंगी।

अदिति भाटिया का सफर
अदिति भाटिया ने अपने करियर की शुरुआत बतौर चाइल्ड एक्टर की थी। वह पहली बार साल 2007 में आई फिल्म ‘विवाह’ में छोटी रजनी के किरदार में नजर आई थीं। इसके बाद उन्होंने ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’, ‘द ट्रेन’ और ‘चांस पे डांस’ जैसी फिल्मों में काम किया। टीवी पर उन्हें असली पहचान सीरियल ‘ये हैं मोहब्बतें’ से मिली, जहां उन्होंने करण पटेल और दिव्यांका त्रिपाठी की बेटी का रोल निभाया। पिछले कुछ समय से वह एक्टिंग से दूर हैं और सोशल मीडिया पर एक इंफ्लूएंसर के रूप में सक्रिय हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 6.4 मिलियन फॉलोअर्स हैं।

उल्का गुप्ता की पहचान
उल्का गुप्ता टीवी इंडस्ट्री का बड़ा नाम रही हैं। उन्हें असली पहचान जी टीवी के शो ‘झांसी की रानी’ से मिली, जहां उन्होंने यंग रानी लक्ष्मीबाई का किरदार निभाया था। उन्होंने 2009 में ‘सात फेरे’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह ‘देवों के देव… महादेव’, ‘ध्रुव तारा’ जैसे शोज में दिखीं। फिल्मों की बात करें तो उन्होंने ‘सिंबा’ में छोटा रोल किया है और तेलुगु, बंगाली व मराठी फिल्मों में भी काम किया है। ‘द केरल स्टोरी 2’ उनके करियर की दूसरी फिल्म होगी।

ऐश्वर्या ओझा भी निभाएंगी अहम भूमिका
फिल्म की तीसरी लीड एक्ट्रेस ऐश्वर्या ओझा हैं, जो साउथ और हिंदी दोनों इंडस्ट्री में काम कर चुकी हैं। वह मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की फिल्म ‘L2 एम्पुरान’ में नजर आई थीं। इसके अलावा उन्होंने ‘कागज 2’, ‘हाफ सीए’ और ‘हसीन दिलरुबा’ जैसी फिल्मों और सीरीज में भी काम किया है। अब वह अदिति और उल्का के साथ ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ में दिखाई देंगी।

कब होगी रिलीज
‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पहले भाग में अदा शर्मा और योगिता बिहानी लीड रोल में थीं। अब दर्शकों को यह देखना दिलचस्प होगा कि नई स्टारकास्ट फिल्म में क्या कमाल दिखाती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 2 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान Lucknow public College of professional studies से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।