अमेठी में 17 मार्च से शुरू होगी गेहूं खरीद, 2585 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा समर्थन मूल्य
अमेठी प्रशासन 17 मार्च से गेहूं की खरीद के लिए तैयार है। एमएसपी 2585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है, पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक और ओटीपी प्रणाली लागू की जाएगी।
उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में इस बार गेहूं खरीद की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन ने 86 क्रय केंद्र खोलने की स्वीकृति दी है, जिनमें से पहले चरण में 32 केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। गेहूं खरीद की प्रक्रिया 17 मार्च से शुरू होकर 15 जून तक चलेगी। इस वर्ष सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। पिछले साल यह दर 2425 रुपये थी। यानी इस बार किसानों को प्रति क्विंटल 160 रुपये अधिक मिलेंगे।
खाद्य विभाग और नैफेड के माध्यम से संचालन
जिले में बनाए गए 32 क्रय केंद्रों में से 27 केंद्र खाद्य विभाग और 5 केंद्र नैफेड के माध्यम से संचालित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर किसान सीधे अपना गेहूं बेच सकेंगे। इससे किसानों को बाजार में कम कीमत पर फसल बेचने की मजबूरी नहीं होगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक किसान सरकारी केंद्रों पर अपनी उपज बेचें और उन्हें पूरा समर्थन मूल्य मिले।
3.65 लाख किसान पंजीकृत
जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को खरीद का प्रभारी नियुक्त किया है और सभी संबंधित एजेंसियों को समय से जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। किसानों को जागरूक करने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर बैनर लगाए जा रहे हैं। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी प्रज्ञा मिश्रा ने बताया कि जिले में करीब 3.65 लाख किसान पंजीकृत हैं। लगभग 1.20 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की खेती हुई है। किसानों से अपील की गई है कि वे समय से पंजीकरण कराकर सरकारी केंद्रों पर ही गेहूं बेचें।
ओटीपी, आइरिस स्कैन और फिंगर प्रिंट से होगी खरीद
जिला विपणन अधिकारी प्रज्ञा मिश्रा ने बताया कि इस बार खरीद प्रक्रिया ओटीपी के साथ-साथ आइरिस स्कैनिंग और फिंगर प्रिंट के माध्यम से की जाएगी। इसका उद्देश्य बिचौलियों पर रोक लगाना है। किसानों का भुगतान सीधे उनके बैंक खाते में किया जाएगा, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और उन्हें समय पर पैसा मिल सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
