बाराबंकी में दिनदहाड़े अधिवक्ता शोएब किडवाई की गोली मारकर हत्या, हाईवे पर दहशत
बाराबंकी में लखनऊ-अयोध्या राजमार्ग पर असेनी मोड़ के पास अधिवक्ता शोएब किदवई उर्फ बॉबी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस गिरोह प्रतिद्वंद्विता की आशंका जता रही है।
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक बड़ी आपराधिक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर असेनी मोड़ के पास अज्ञात हमलावरों ने सरेआम फायरिंग कर एक अधिवक्ता की हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया। व्यस्त हाईवे पर हुई इस वारदात से कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस के आला अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है।
असेनी मोड़ पर सरेआम बरसाईं गोलियां
जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र के असेनी मोड़ पर यह घटना हुई। लखनऊ की ओर से आ रही एक बलिनो कार को अज्ञात शूटरों ने घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 15 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। पुलिस को घटनास्थल से पांच से अधिक खोखे बरामद हुए हैं।
मुख्तार अंसारी के करीबी बताए जा रहे थे शोएब किडवाई
हमले में मारे गए अधिवक्ता की पहचान शोएब किडवाई उर्फ बॉबी के रूप में हुई है। उन्हें बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी का करीबी बताया जा रहा है। साथ ही वह ‘शार्प शूटर’ के रूप में भी चर्चित रहे थे। अंधाधुंध फायरिंग में उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। कार के अंदर उनका शव खून से लथपथ मिला।
जांच में जुटी पुलिस, हर एंगल से पड़ताल
घटना के बाद पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। नगर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस पुरानी रंजिश या गैंगवार जैसे सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। हाईवे पर व्यस्त ट्रैफिक के बीच हुई इस हत्या ने लोगों में दहशत फैला दी है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
