सोना-चांदी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, अंतरराष्ट्रीय बाजार की तेजी का असर भारत तक
Gold and silver prices hit record highs. Gold crosses $4,500 per ounce globally, MCX gold up by Rs 700 and silver jumps Rs 4,000.
सोने और चांदी की कीमतों में तेजी का सिलसिला लगातार जारी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के बाद अब इसका असर एशियाई और भारतीय बाजारों में भी साफ दिख रहा है। मंगलवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना और चांदी दोनों ही नई ऊंचाइयों पर पहुंच गए। शुरुआती कारोबार में सोने की कीमत में प्रति 10 ग्राम 700 रुपये से ज्यादा की तेजी देखने को मिली, जबकि चांदी करीब 4,000 रुपये उछल गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना पहली बार 4,500 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है, जिससे निवेशकों का रुझान एक बार फिर सुरक्षित निवेश की ओर बढ़ा है।
MCX पर सोना-चांदी का हाल
MCX पर 5 फरवरी की डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,37,885 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। मंगलवार को यह 1,38,166 रुपये पर खुला। शुरुआती कारोबार के दौरान सोने का न्यूनतम स्तर 1,38,126 रुपये और उच्चतम स्तर 1,38,676 रुपये रहा। सुबह करीब 11 बजे सोना 624 रुपये यानी 0.45 फीसदी की तेजी के साथ 1,38,509 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा था। वहीं, 5 मार्च की डिलीवरी वाली चांदी में भी जोरदार उछाल देखने को मिला। चांदी 3,651 रुपये की तेजी के साथ 2,23,304 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। कारोबार के दौरान चांदी ने 2,23,887 रुपये का उच्च स्तर भी छुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में नया इतिहास
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने ने मंगलवार को इतिहास रच दिया। सोना पहली बार 4,500 डॉलर प्रति औंस के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। पिछले सप्ताह वेनेजुएला से जुड़े तेल टैंकरों पर अमेरिका की नाकेबंदी के बाद वैश्विक अनिश्चितता बढ़ी है, जिससे सोने की सुरक्षित निवेश वाली मांग और मजबूत हुई है। चांदी ने भी अपना ऑल-टाइम हाई स्तर छू लिया है। इसके साथ ही तांबे की कीमत भी पहली बार 12,000 डॉलर प्रति टन के पार निकल गई है।
साल भर में जबरदस्त तेजी
अगर पूरे साल की बात करें तो सोने की कीमत में अब तक करीब 70 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, चांदी की कीमतों में करीब 140 फीसदी तक का उछाल आ चुका है। विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक तनाव, डॉलर में उतार-चढ़ाव और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग के चलते कीमती धातुओं में यह तेजी फिलहाल बनी रह सकती है। आम निवेशकों के लिए यह संकेत है कि बाजार पर नजर रखते हुए समझदारी से निवेश के फैसले लें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0