टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले बड़ा झटका… अस्पताल में भर्ती हुए अभिषेक शर्मा, नामीबिया मैच पर सस्पेंस
भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 मैच से पहले पेट में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 12 फरवरी को होने वाले मैच में उनके खेलने की संभावना कम है।
T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच टीम इंडिया के लिए चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। भारत के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा को पेट में इंफेक्शन के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऐसे में 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले में उनके खेलने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है। भारत को अपना दूसरा मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेलना है। टीम मैनेजमेंट की ओर से अभी अंतिम फैसला नहीं आया है, लेकिन हालात को देखते हुए उनके बाहर रहने की आशंका ज्यादा है।
USA मैच के दौरान भी ठीक नहीं थी तबीयत
7 फरवरी को USA के खिलाफ खेले गए पहले मैच के दौरान ही अभिषेक शर्मा की तबीयत खराब होने की खबरें थीं। बताया गया कि उन्हें तेज बुखार था, फिर भी उन्होंने मैच खेला। उस मुकाबले में अभिषेक गोल्डन डक पर आउट हो गए थे। बल्लेबाजी के बाद वह डगआउट में भी नजर नहीं आए। उनकी जगह संजू सैमसन ने फील्डिंग की थी। सिर्फ अभिषेक ही नहीं, उस मैच में जसप्रीत बुमराह भी बीमार थे और वॉशिंगटन सुंदर टीम के साथ मौजूद नहीं थे। ऐसे में ड्रिंक सर्व करने की जिम्मेदारी कुलदीप यादव और फील्डिंग कोच टी. दिलीप ने संभाली। मैच खत्म होने के बाद अभिषेक हैंडशेक के लिए भी मैदान पर नहीं आए थे।
प्रैक्टिस सेशन से भी रहे दूर
10 फरवरी को अभिषेक शर्मा टीम इंडिया के प्रैक्टिस सेशन में भी नजर नहीं आए। टीम मैनेजमेंट ने बताया कि उन्हें पेट से जुड़ी शिकायत है। हालांकि, टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार उन्हें इंफेक्शन हुआ है, जिसके कारण उनकी हालत बिगड़ी है। असिस्टेंट कोच रेयान डेस काटे ने मीडिया से कहा कि अभिषेक को पेट में परेशानी है और उम्मीद है कि अगले दो दिनों में वह उपलब्ध हो सकते हैं। लेकिन संजू सैमसन का जोर-शोर से अभ्यास करना संकेत देता है कि नामीबिया मैच में बदलाव संभव है।
गंभीर भी दिखे चिंतित
8 फरवरी को दिल्ली में गौतम गंभीर की डिनर पार्टी में अभिषेक टीम के साथ नजर आए थे। वहां उनकी तबीयत देखकर गंभीर भी चिंतित दिखाई दिए थे। पिछले 24 घंटे में उनकी तबीयत और ज्यादा बिगड़ने की खबर है। अब अभिषेक शर्मा की सेहत को लेकर अधिक जानकारी 11 फरवरी को होने वाली प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में मिल सकती है। सभी को उम्मीद है कि वह जल्द स्वस्थ होकर टीम में वापसी करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0