बेर का सीजन शुरू: कश्मीरी एप्पल बेर से लेकर देसी गोल बेर तक, जानें किसमें क्या खास
कश्मीरी बेर, भारत सुंदरी बेर और भारतीय बेर के स्वास्थ्य लाभों के बारे में जानें। यह मौसमी फल फाइबर और विटामिन से भरपूर है।
इन दिनों बाजार में बेर की बहार है। खट्टे-मीठे स्वाद वाला यह छोटा सा फल लोगों को खूब पसंद आ रहा है। बेर सिर्फ स्वाद में ही अच्छा नहीं होता, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है। इसे इंडियन बैरीज भी कहा जाता है। बेर को ताजा फल के रूप में भी खाया जाता है और सुखाकर भी इस्तेमाल किया जाता है। बाजार में इसकी कई प्रजातियां मिलती हैं। हरे गूदे वाले बेर ज्यादा बिकते हैं, लेकिन देसी गोल खट्टे-मीठे बेर का स्वाद भी लोगों को खूब भाता है। इन दिनों ऑनलाइन कश्मीरी एप्पल बेर भी बिक रहे हैं, जो दिखने में बिल्कुल सेब जैसे लगते हैं।
कैसा होता है कश्मीरी एप्पल बेर
कश्मीरी एप्पल बेर को एप्पल बेर भी कहा जाता है। यह थाईलैंड की एक किस्म है। इसका स्वाद बहुत मीठा होता है। वजन में यह छोटे सेब जितना, यानी लगभग 100 से 200 ग्राम तक का होता है। यह हरे और लाल सेब जैसा दिखाई देता है। इसकी कीमत सामान्य बेर से थोड़ी अधिक होती है। पहाड़ी इलाकों में इसकी ज्यादा पैदावार होती है। खास बात यह है कि इसमें गूदा ज्यादा और बीज छोटा होता है।
भारत सुंदरी बेर की बढ़ती खेती
सेब की तरह लाल रंग का एक और बेर है, जिसे भारत सुंदरी बेर कहा जाता है। पिछले कुछ वर्षों में इसकी खेती तेजी से बढ़ी है। यह पूरी तरह लाल रंग का होता है और बहुत मीठा स्वाद देता है। इसकी पैदावार काफी अधिक होती है, इसलिए पेड़ को जाल से ढककर रखा जाता है ताकि फल सुरक्षित रहें। इसे उगाने के लिए ज्यादा जमीन की जरूरत नहीं होती।
देसी बेर की भी है मांग
हरे और छोटे देसी बेर आज भी बाजार में खूब बिकते हैं। गांवों में देसी बेर खाने का चलन अभी भी बना हुआ है। लाल पके हुए गोल बेर भी लोगों को पसंद आते हैं। कई घरों के आसपास बेर के पेड़ लगे होते हैं, जो सीजन में फलों से लद जाते हैं।
बेर के सेहतमंद फायदे
बेर में भरपूर फाइबर होता है, जो पाचन को दुरुस्त रखता है। इसमें विटामिन सी, बी1, बी2, बी3 और बी6 पाए जाते हैं। साथ ही मैग्नीशियम, कॉपर, मैंगनीज और पोटेशियम जैसे खनिज भी होते हैं। बेर में नाइट्रिक ऑक्साइड और फाइटोकॉन्स्टिट्यूएंट्स होते हैं, जो ब्लड फ्लो बेहतर बनाते हैं, हाई ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में मदद करते हैं और दिल को स्वस्थ रखते हैं। नियमित सेवन से हड्डियां भी मजबूत होती हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
