घर पर बनाएं हलवाई जैसा मुलायम सूजी का हलवा, जानें आसान और परफेक्ट रेसिपी
इस आसान और चरण-दर-चरण विधि से सीखें कि देसी घी, चीनी और इलायची का उपयोग करके घर पर नरम और स्वादिष्ट सूजी का हलवा कैसे बनाया जाता है।
अगर आपको मीठा खाने का शौक है तो सूजी का हलवा एक बेहतरीन विकल्प है। एक समय था जब गांव और छोटे शहरों में किसी मेहमान के आने पर नाश्ते में सूजी का हलवा और बेसन के पकौड़े जरूर बनाए जाते थे। जब भी कुछ मीठा खाने का मन होता था, हलवा लोगों की पहली पसंद हुआ करता था। यह खाने में बहुत स्वादिष्ट होता है और इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता। आजकल शहरों में यह ज्यादा तर नवरात्रि या पूजा के दिनों में बनाया जाता है, लेकिन आप जब चाहें इसे घर पर आसानी से बना सकते हैं।
पहला और दूसरा स्टेप: सूजी और घी की तैयारी
मुलायम सूजी का हलवा बनाने के लिए सबसे पहले 250 ग्राम सूजी लें। सूजी को एक बार अच्छी तरह देख लें कि उसमें कोई कीड़ा या गंदगी न हो। फिर इसे छान लें। अब जितनी सूजी ली है, उतनी ही मात्रा में चीनी भी निकाल लें। दोनों की मात्रा बराबर होनी चाहिए। आप किसी कटोरी या कप से भी नाप सकते हैं।अब लगभग 200 ग्राम देसी घी लें। घी की मात्रा आप अपने स्वाद के अनुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं। एक कड़ाही में सूजी डालकर हल्की आंच पर 8 से 10 मिनट तक चलाते हुए भूनें। जब सूजी हल्की भुन जाए तो उसमें आधे से ज्यादा घी डाल दें और 2-3 मिनट और भूनें। सूजी का रंग हल्का सुनहरा हो जाना चाहिए।
तीसरा और चौथा स्टेप: चाशनी और पकाने की विधि
दूसरी तरफ एक पैन में चीनी और सूजी का तीन गुना पानी डालकर गैस पर रखें। चीनी को पानी में घुलने तक पकाएं और उसी समय पिसी हुई इलायची डाल दें। तैयार चाशनी का आधा हिस्सा भुनी हुई सूजी में डालें और लगातार चलाते रहें।अब बची हुई चाशनी भी सूजी में डाल दें और गैस की आंच धीमी कर दें। हलवे को बीच-बीच में चलाते हुए तब तक पकाएं जब तक सूजी फूलकर गाढ़ी न हो जाए। जब हलवा मनचाही गाढ़ाई का हो जाए तो गैस बंद कर दें।
अंतिम स्टेप: केसर और मेवे का स्वाद
अगर आपको केसर पसंद है तो चाशनी बनाते समय थोड़ी भीगी हुई केसर भी डाल सकते हैं। तैयार हलवे में अपने पसंदीदा मेवे डालकर गरमागरम परोसें। यह हलवा बच्चों को खासतौर पर बहुत पसंद आएगा और घर में मिठास घोल देगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
