दिल्ली में फ्री रूम न मिलने पर विदेशी नागरिक का खौफनाक कदम, होटल के बाहर चाकू से काटा अपना गला
दिल्ली के पहाड़गंज स्थित व्हाइट ग्लो होटल के बाहर एक 29 वर्षीय तुर्कमेनिस्तानी नागरिक ने आत्महत्या का प्रयास किया, क्योंकि होटल के कर्मचारियों ने उसे मुफ्त में ठहरने से इनकार कर दिया था। उसे लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
Delhi News: राजधानी दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में बुधवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। एक विदेशी नागरिक ने होटल के बाहर अपना गला काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, यह घटना पहाड़गंज स्थित White Glow Hotel के बाहर हुई। बताया गया कि विदेशी नागरिक ने होटल स्टाफ से फ्री में ठहरने की मांग की थी। जब होटल प्रबंधन ने यह अनुरोध ठुकरा दिया तो उसने गुस्से में यह कदम उठा लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को तुरंत मौके पर बुलाया गया।
20 जनवरी से 10 फरवरी तक होटल में ठहरा था जेहुन
पुलिस ने बताया कि घायल विदेशी नागरिक की पहचान तुर्कमेनिस्तान के रहने वाले 29 वर्षीय जेहुन के रूप में हुई है। वह पिछले महीने 20 जनवरी से 10 फरवरी तक इसी होटल में ठहरा हुआ था। 10 फरवरी को होटल छोड़ने के बाद वह 11 फरवरी, बुधवार को फिर से होटल लौटा। उसने स्टाफ से कमरा देने की मांग की और कहा कि उसके पास भुगतान करने के लिए पैसे नहीं हैं।
बिना पैसे कमरा देने से मना किया तो भड़का
होटल स्टाफ ने उसे साफ बताया कि होटल में कोई कमरा खाली नहीं है और बिना पैसे के कमरा देना संभव नहीं है। इस बात पर जेहुन नाराज हो गया। बहस के दौरान उसने अचानक चाकू निकाल लिया और सबके सामने अपना गला काटने की कोशिश की। यह देखकर होटल स्टाफ और आसपास मौजूद लोग घबरा गए।
पुलिस ने पहुंचकर बचाई जान
होटल प्रबंधन ने तुरंत पास में गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जेहुन को काबू में किया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था और काफी खून बह चुका था। उसे तुरंत Lady Hardinge Medical College अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि घटना के समय वह काफी नशे में था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
