‘दृश्यम 3’ में प्रकाश राज की एंट्री, बोले- मैं किसी को रिप्लेस नहीं कर रहा
प्रकाश राज ने अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम 3' में अपनी एंट्री की घोषणा की और अक्षय खन्ना की जगह लेने की बात से इनकार किया। अभिनेता ने 'स्पिरिट' से बाहर निकलने की अफवाहों पर भी प्रतिक्रिया दी।
अजय देवगन की सुपरहिट फिल्म फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ का तीसरा भाग अब चर्चा में है। इस सीरीज के पहले दो भाग बॉक्स ऑफिस पर सफल रहे और दर्शकों ने उन्हें खूब पसंद किया। अब ‘दृश्यम 3’ की तैयारी शुरू हो चुकी है। पहले खबर थी कि फिल्म में अक्षय खन्ना भी नजर आएंगे, लेकिन अचानक उनके फिल्म से अलग होने की बात सामने आई। इसी बीच दिग्गज अभिनेता प्रकाश राज की एंट्री की आधिकारिक घोषणा हो गई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर खुद इस खबर की पुष्टि की और कई अफवाहों पर भी विराम लगाया।
सोशल मीडिया पर किया ऐलान
प्रकाश राज ने इंस्टाग्राम और एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए बताया कि उन्होंने ‘दृश्यम 3’ की हिंदी शूटिंग शुरू कर दी है। उन्होंने लिखा कि उन्हें एक बेहतरीन टीम के साथ काम करने और शानदार भूमिका निभाने का मौका मिला है। उन्होंने भरोसा जताया कि दर्शकों को यह फिल्म जरूर पसंद आएगी। साथ ही उन्होंने साफ शब्दों में लिखा, “और हां, मैं किसी की जगह नहीं ले रहा हूं।” उनका इशारा अक्षय खन्ना की ओर माना जा रहा है। इससे पहले प्रकाश राज और अजय देवगन फिल्म ‘सिंघम’ में साथ काम कर चुके हैं।
‘स्पिरिट’ को लेकर भी दी सफाई
हाल ही में खबरें आई थीं कि दीपिका पादुकोण के बाद प्रकाश राज ने भी संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘स्पिरिट’ छोड़ दी है। कहा गया था कि क्रिएटिव मतभेदों के कारण उन्होंने ऐसा किया। लेकिन जैसे ही ये अफवाहें तेज हुईं, प्रकाश राज ने सोशल मीडिया के जरिए इन खबरों को पूरी तरह झूठा बताया। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी अफवाहें न फैलाएं।
अफवाहों पर दिया कड़ा जवाब
प्रकाश राज ने ‘स्पिरिट’ को लेकर फैलाई जा रही खबरों पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने लिखा कि अभी तो उनके सीन की शूटिंग भी शुरू नहीं हुई है और व्हाट्सएप पर गलत खबरें फैल रही हैं। उन्होंने लोगों से समझदारी दिखाने और अपनी जिंदगी पर ध्यान देने की बात कही।
आखिरी बार इस फिल्म में आए नजर
वर्क फ्रंट की बात करें तो प्रकाश राज आखिरी बार धनुष और कृति सेनन के साथ फिल्म ‘तेरे इश्क में’ में नजर आए थे। इस रोमांटिक ड्रामा में उन्होंने धनुष के पिता का किरदार निभाया था। आनंद एल राय के निर्देशन में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही, हालांकि इसकी कहानी को लेकर काफी आलोचना भी हुई थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0