मथुरा के डिप्टी कमिश्नर के भाई की हरदोई में हत्या, मरने से पहले बताए हमलावरों के नाम
मथुरा के उपायुक्त के भाई की हरदोई में हत्या कर दी गई। मृतक ने मरने से पहले हमलावरों के नाम बताए थे। पुलिस गैस एजेंसी से जुड़े पुराने विवाद की जांच कर रही है।
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में मथुरा के डिप्टी कमिश्नर (उद्योग) के भाई की शनिवार सुबह हत्या कर दी गई। घटना पाली थाना क्षेत्र के मुड़रामऊ गांव की है। शनिवार सुबह करीब 5 बजे हमलावर घर में घुस आए और विजय प्रताप (35) पर बांके से हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर हमलावर मौके से फरार हो गए। मां गोमती (78) और पड़ोसी दौड़कर पहुंचे तो विजय पेट के बल जमीन पर तड़प रहा था और उसके शरीर से खून बह रहा था। यह देखकर गांव में हड़कंप मच गया।
घायल ने कहा- “मैं जिंदा हूं, भाई को आने दो”
पड़ोसी जब उसे अस्पताल ले जाने लगे तो विजय ने कहा, “मैं अभी मरा नहीं हूं, जिंदा हूं। अभी कहीं मत लेकर जाओ, मेरे भाई को आने दो।” मरने से पहले उसने गांव के इंद्रपाल और उसके दो साथियों पर साजिश के तहत हमला करने का आरोप लगाया। इसके बाद उसे पाली सीएचसी ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। करीब दो घंटे इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।
पहले भी हो चुकी है पिता की हत्या
विजय के बड़े भाई रामेंद्र कुमार मथुरा में डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात हैं और पिछले 10 साल से वहां पोस्टेड हैं। तीन साल पहले जून 2023 में उनके पिता दयाराम (75) की भी हत्या कर दी गई थी। उस समय भी बांके से हमला हुआ था। दयाराम ने मरने से पहले महावीर, रघुवीर, परीक्षित उर्फ संदीप, मनोज और रजनीश के नाम बताए थे।
गैस एजेंसी विवाद से जुड़ी थी पुरानी रंजिश
बताया गया कि दिसंबर 2013 में विजय के नाम भारत गैस एजेंसी मंजूर हुई थी, जिसे गांव के महावीर ने निरस्त करवा दिया था। बाद में उसने फर्जी तरीके से अपना नाम हंसराज बताकर एजेंसी अपने नाम करा ली। दयाराम ने 2021 में कोर्ट के आदेश पर महावीर के खिलाफ पाली थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। जांच में आरोप सही पाए गए और एजेंसी निरस्त कर दी गई थी। तभी से दोनों पक्षों में दुश्मनी चल रही थी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मां गोमती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
