जौनपुर में डीएम की त्वरित कार्रवाई: 82 वर्षीय वृद्धा को एक घंटे में मिली खतौनी, कंबल और जूते भी दिए
औनपुर के डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने सार्वजनिक सुनवाई के दौरान एक 82 वर्षीय महिला के भूमि उत्तराधिकार के मुद्दे को एक घंटे के भीतर सुलझा लिया और उन्हें खतोनी सौंप दी।
जौनपुर में जनसुनवाई के दौरान उस समय मानवीय संवेदना की मिसाल देखने को मिली, जब जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने एक 82 वर्षीय वृद्धा की वर्षों पुरानी समस्या को महज एक घंटे में हल कर दिया। केराकत तहसील के रामपुर ग्राम पंचायत निवासी श्यामदुलारी अपनी वरासत दर्ज न हो पाने की परेशानी लेकर जनसुनवाई में पहुंची थीं। पति की मृत्यु के बाद लिपिकीय त्रुटियों के कारण उन्हें खतौनी नहीं मिल पा रही थी। कई महीनों से तहसील के चक्कर काटने के बावजूद समाधान नहीं हो रहा था। जनसुनवाई में मामला सामने आते ही जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने तुरंत दिए समाधान के निर्देश
श्यामदुलारी द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र को पढ़ते ही जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने उपजिलाधिकारी केराकत और तहसीलदार को बुलाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर लिपिकीय त्रुटियों को तुरंत शुद्ध किया जाए और वृद्धा को खतौनी उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे मामलों में अनावश्यक देरी बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है, खासकर जब मामला बुजुर्ग और जरूरतमंद व्यक्ति से जुड़ा हो।
एक घंटे में निस्तारण, जनसुनवाई कक्ष में सौंपी खतौनी
जिलाधिकारी के निर्देश के बाद प्रशासन ने तेजी से काम किया। मात्र एक घंटे के भीतर श्यामदुलारी की वरासत से जुड़ी सभी लिपिकीय त्रुटियों को ठीक कर दिया गया। इसके बाद जिलाधिकारी ने स्वयं जनसुनवाई कक्ष में उन्हें खतौनी सौंपी। ठंड के मौसम को देखते हुए उन्होंने वृद्धा को एक कंबल और जूते भी भेंट किए। यह देखकर वहां मौजूद लोगों ने प्रशासन की इस संवेदनशील पहल की सराहना की।
किसान सम्मान निधि की समस्या पर भी हुई सुनवाई
जनसुनवाई के दौरान श्यामदुलारी के साथ आए उदय भान राय ने अपनी किसान सम्मान निधि रुकने की समस्या बताई। जिलाधिकारी ने इस पर भी तुरंत संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद उनकी फार्मर रजिस्ट्री कराई गई, जिससे किसान सम्मान निधि की समस्या के समाधान का रास्ता साफ हो गया।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने सभी उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का समयबद्ध और गंभीरता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य सिर्फ शिकायत सुनना नहीं, बल्कि उसका त्वरित समाधान करना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0