जुमे की नमाज के दौरान इस्लामाबाद में शिया इमामबाड़े पर आत्मघाती हमला, 15 की मौत, 80 घायल
इस्लामाबाद में एक शिया इमामबाड़ा में शुक्रवार की नमाज के दौरान हुए आत्मघाती बम हमले में 15 लोग मारे गए और 80 घायल हो गए। शहर में आपातकाल घोषित कर दिया गया है।
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान एक बड़ा आत्मघाती आतंकी हमला हुआ। यह हमला शिया समुदाय के इमामबाड़े में किया गया, जहां नमाज के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, इस दर्दनाक हमले में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 80 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस और रेस्क्यू टीम ने संभाला मोर्चा
हमले की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू सर्विस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है ताकि घायलों को तुरंत इलाज मिल सके। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि गंभीर रूप से घायल लोगों की हालत को देखते हुए मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
पूरे शहर में इमरजेंसी घोषित
धमाके के बाद इस्लामाबाद के पुलिस प्रमुख ने पूरे शहर में इमरजेंसी घोषित कर दी है। सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। शहर के कई हिस्सों में चेकिंग बढ़ा दी गई है ताकि किसी और संभावित हमले को रोका जा सके।
पाकिस्तानी मंत्री की प्रतिक्रिया
पाकिस्तान सरकार के मंत्री डॉ. तारिक फजल चौधरी ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि इस्लामाबाद में हुए धमाके से वह बेहद दुखी हैं और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी आतंकी घटनाएं देश और उसके लोगों का हौसला नहीं तोड़ सकतीं। उन्होंने लोगों से शांति, सहनशीलता और एकजुटता बनाए रखने की अपील की और कानून व्यवस्था संभालने वाली एजेंसियों के साथ मजबूती से खड़े रहने को कहा।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हमले
यह पहली बार नहीं है जब इस्लामाबाद में आत्मघाती हमला हुआ हो। इससे पहले 11 नवंबर 2025 को G-11 इलाके में जिला और सत्र न्यायालय के बाहर आत्मघाती धमाका हुआ था। उस हमले में 12 लोगों की मौत हो गई थी और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। बार-बार हो रहे ऐसे हमलों ने पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0