उसैन बोल्ट से भी तेज दौड़ा रोबोट, चीनी कंपनी के वीडियो ने मचाई सनसनी
चीनी स्टार्टअप मिररमी टेक ने बोल्ट नामक एक मानवरूपी रोबोट का अनावरण किया है जो मनुष्यों से भी तेज दौड़ता है। यह रोबोट 1 सेकंड में 10 मीटर की दूरी तय करता है।
टेक्नोलॉजी की दुनिया में एक बार फिर चौंकाने वाली खबर सामने आई है। चीन की एक स्टार्टअप कंपनी ने ऐसा ह्यूमनॉइड रोबोट तैयार किया है, जो दौड़ने में इंसानों से कहीं आगे निकल चुका है। इस रोबोट का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सामने आया है, जिसमें यह बिजली की रफ्तार से दौड़ता नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होते ही लोग हैरान रह गए और रोबोट के इंसानों की जगह लेने को लेकर चर्चा तेज हो गई। खास बात यह है कि इस रोबोट की स्पीड दुनिया के सबसे तेज धावक उसैन बोल्ट से भी ज्यादा बताई जा रही है।
1 सेकंड में 10 मीटर दौड़कर सबको किया हैरान
इस रोबोट को बनाने वाली चीनी कंपनी MirrorMe Tech ने वीडियो में दिखाया है कि रोबोट कैसे एक इंसान के साथ दौड़ में उतरता है। रेस के दौरान इंसान लड़खड़ाकर गिर जाता है, जबकि रोबोट बिना रुके तेज रफ्तार से आगे निकल जाता है। कंपनी का दावा है कि यह रोबोट सिर्फ 1 सेकंड में 10 मीटर की दूरी तय कर सकता है। इसकी रफ्तार देखकर सोशल मीडिया पर लोग इसे भविष्य की झलक बता रहे हैं।
Bolt नाम का यह रोबोट उसैन बोल्ट से प्रेरित
इस ह्यूमनॉइड रोबोट का नाम Bolt रखा गया है, जो मशहूर धावक उसैन बोल्ट के नाम से प्रेरित माना जा रहा है। टेस्टिंग के दौरान यह रोबोट इंसानों से तेज साबित हुआ है। Bolt रोबोट का वजन करीब 75 किलोग्राम है और इसकी लंबाई 5 फुट 7 इंच है। यह इंसानों की तरह चल सकता है, दौड़ सकता है और बहुत तेजी से भाग सकता है। कंपनी का कहना है कि यह रोबोट 10 मीटर प्रति सेकंड की स्पीड से दौड़ने में सक्षम है।
खेलों में इंसानों को मात देने की तैयारी
MirrorMe Tech का मकसद सिर्फ एक रोबोट बनाना नहीं है, बल्कि वह ऐसे सुपर रोबोट तैयार करना चाहती है, जो खेलकूद में इंसानों को चुनौती दे सकें। कंपनी एक और रोबोट Black Panther II पर भी काम कर रही है, जो 100 मीटर की दौड़ केवल 13.11 सेकंड में पूरी कर सकता है। फिलहाल Bolt रोबोट को टेस्टिंग के दौर से गुजारा जा रहा है।
2024 में शुरू हुआ चीनी स्टार्टअप
MirrorMe Tech एक चीनी स्टार्टअप है, जिसकी स्थापना साल 2024 में हुई थी। इस कंपनी की कोर टीम में चीन की Zhejiang यूनिवर्सिटी से जुड़े लोग शामिल हैं। Bolt के अलावा कंपनी के पास बाओबाओ, अपोलो और ब्लैक पैंथर II जैसे कई उन्नत रोबोट भी हैं। इस नई तकनीक ने भविष्य में इंसानों और रोबोट्स के रिश्ते को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0