RCB का गोल्डन दौर… 3 साल, 3 ट्रॉफी… भारतीय T20 लीग में पहली बार ऐसा कारनामा

आरसीबी महिला टीम ने रिकॉर्ड तोड़ फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर डब्ल्यूपीएल 2026 का खिताब जीता। स्मृति मंधाना के शानदार प्रदर्शन से बेंगलुरु ने इतिहास रच दिया।

Feb 6, 2026 - 09:25
 0
RCB का गोल्डन दौर… 3 साल, 3 ट्रॉफी… भारतीय T20 लीग में पहली बार ऐसा कारनामा

RCB Wins WPL 2026: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने एक बार फिर महिला प्रीमियर लीग का खिताब अपने नाम कर लिया है। स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली RCB महिला टीम ने वडोदरा में खेले गए WPL 2026 के फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। यह मुकाबला न सिर्फ रोमांच से भरपूर रहा, बल्कि कई बड़े रिकॉर्ड भी बने। इस जीत के साथ RCB ने WPL के चार साल के इतिहास में दूसरी बार ट्रॉफी उठाई है। इससे पहले 2024 में भी बेंगलुरु ने दिल्ली को हराकर खिताब जीता था।

रिकॉर्डतोड़ फाइनल मुकाबला
गुरुवार 5 फरवरी को खेले गए फाइनल मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 203 रन बनाए। यह स्कोर WPL के किसी भी फाइनल में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा। ऐसे में RCB के सामने बड़ी चुनौती थी। खिताब जीतने के लिए बेंगलुरु को न सिर्फ फाइनल में सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल करना था, बल्कि WPL इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज भी पूरा करना था। खास बात यह रही कि इससे पहले भी सबसे बड़े रन चेज का रिकॉर्ड RCB के ही नाम था।

स्मृति मंधाना की कप्तानी पारी
कप्तान स्मृति मंधाना ने इस दबाव भरे मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 41 गेंदों में 87 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत RCB ने 19.4 ओवर में 4 विकेट खोकर 203 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। मंधाना की आक्रामक बल्लेबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और टीम को दूसरी बार WPL चैंपियन बना दिया।

RCB ने रचा अनोखा इतिहास
इस जीत के साथ RCB दूसरी बार WPL खिताब जीतने वाली टीम बन गई और ऐसा करने वाली मुंबई इंडियंस के बाद दूसरी टीम है। लेकिन यह जीत इसलिए और खास है क्योंकि RCB भारतीय क्रिकेट की पहली ऐसी फ्रेंचाइजी बन गई है, जिसके पास एक ही समय में WPL और IPL दोनों की ट्रॉफी है। रजत पाटीदार की कप्तानी में RCB की मेंस टीम ने IPL 2025 का खिताब जीता था।

3 साल में 3 खिताब, बदली किस्मत
RCB की यह सफलता फ्रेंचाइजी की बदलती किस्मत को साफ दिखाती है। IPL की शुरुआत 2008 से लेकर 16 साल तक RCB कोई खिताब नहीं जीत पाई थी। लेकिन 2024 में WPL, 2025 में IPL और अब 2026 में फिर WPL जीतकर RCB ने लगातार तीन साल में तीन खिताब अपने नाम कर लिए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। वे राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में उन्हें 2 वर्ष का अनुभव है। उन्होंने रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव रखते हैं। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से वे यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़े हैं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। उनकी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान वे कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुके हैं।