जहां से शुरू हुई योगी आदित्यनाथ की पढ़ाई, उसी गांव पंचूर में अब करने जा रहे हैं यह खास काम

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड में अपने पैतृक गांव पंचूर जा सकते हैं और जनता इंटर कॉलेज चामकोट खाल में नए कक्षाओं के उद्घाटन में शामिल हो सकते हैं।

Feb 5, 2026 - 12:57
 0  4
जहां से शुरू हुई योगी आदित्यनाथ की पढ़ाई, उसी गांव पंचूर में अब करने जा रहे हैं यह खास काम

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को उत्तराखंड के अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंच सकते हैं। प्रस्तावित दौरे के दौरान उनके एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। इसके साथ ही वे यमकेश्वर क्षेत्र के जनता इंटर कॉलेज चमकोट खाल में नवनिर्मित कक्षा कक्षों के लोकार्पण समारोह में भी भाग ले सकते हैं। हालांकि अभी तक मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर अंतिम कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। स्थानीय प्रशासन संभावित कार्यक्रम को देखते हुए पूरी तरह सतर्क है।

जनता इंटर कॉलेज से जुड़ी हैं मुख्यमंत्री की यादें
जनता इंटर कॉलेज चमकोट खाल का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन से विशेष और भावनात्मक संबंध रहा है। उन्होंने इसी विद्यालय से कक्षा 9 की पढ़ाई की थी। ऐसे में कॉलेज परिसर में बने नए कक्षा कक्षों का लोकार्पण कार्यक्रम उनके लिए खास महत्व रखता है। स्थानीय लोगों और विद्यालय प्रबंधन के बीच इस आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है। कॉलेज प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है और कार्यक्रम को यादगार बनाने की कोशिश की जा रही है।

पंचूर गांव से शुरू हुई शिक्षा यात्रा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्म पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर विकासखंड स्थित पंचूर गांव में हुआ था। उनकी प्रारंभिक शिक्षा पंचूर के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 1 से 5 तक हुई। इसके बाद उन्होंने कक्षा 6 से 8 तक की पढ़ाई जूनियर हाई स्कूल बिथ्याणी से पूरी की। कक्षा 9 की शिक्षा जनता इंटर कॉलेज चमकोट खाल से प्राप्त करने के बाद उन्होंने कक्षा 10 की पढ़ाई खाड़ी हाई स्कूल, नरेंद्र नगर से की। आगे की पढ़ाई के लिए वे ऋषिकेश गए, जहां भरत मंदिर इंटर कॉलेज से कक्षा 11 और 12 की शिक्षा ली। स्नातक की पढ़ाई उन्होंने कोटद्वार महाविद्यालय से पूरी की।

प्रशासन अलर्ट मोड में, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। प्रशासन के अनुसार यमकेश्वर और बिथ्याणी क्षेत्रों में हेलिपैड तैयार किए जा रहे हैं, ताकि हवाई मार्ग से आवागमन सुचारू रूप से हो सके। सुरक्षा और लॉजिस्टिक व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को सतर्क कर दिया गया है। यदि यह दौरा तय कार्यक्रम के अनुसार होता है, तो मुख्यमंत्री का अपने पैतृक क्षेत्र में आगमन स्थानीय लोगों और शिक्षा जगत के लिए एक विशेष अवसर माना जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। वे राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में उन्हें 2 वर्ष का अनुभव है। उन्होंने रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव रखते हैं। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से वे यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़े हैं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। उनकी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान वे कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुके हैं।