क्रिकेटर रिंकू सिंह की फेसबुक आईडी हैक, साइबर ठगों ने मोनेटाइजेशन की कमाई भी उड़ाई
भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के 16 लाख फॉलोअर्स वाले फेसबुक अकाउंट को हैक कर लिया गया। साइबर अपराधियों ने ईमेल आईडी बदलकर कमाई का जरिया बदल दिया। पुलिस ने साइबर अपराध का मामला दर्ज कर लिया है।
Rinku Singh Facebook Account Hacked: भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे रिंकू सिंह का सोशल मीडिया अकाउंट साइबर ठगों के निशाने पर आ गया है। रिंकू सिंह की फेसबुक आईडी हैक कर ली गई, जिसके बाद हैकर्स ने न सिर्फ अकाउंट का कंट्रोल अपने हाथ में ले लिया बल्कि उससे होने वाली कमाई भी अपने खाते में ट्रांसफर कर ली। मामले की जानकारी सामने आने के बाद रिंकू सिंह के भाई ने पुलिस में शिकायत दी, जिस पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है और अकाउंट रिकवर करने की कोशिश की जा रही है।
पासवर्ड बदला, ई-मेल आईडी भी कर दी गई थी चेंज
रिंकू सिंह के भाई सोनू सिंह ने बताया कि रिंकू सिंह के फेसबुक पेज पर करीब 1.6 मिलियन फॉलोअर्स हैं। वह पिछले कुछ समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों और टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों में व्यस्त थे, जिस वजह से सोशल मीडिया पर ज्यादा ध्यान नहीं दे पा रहे थे। 4 फरवरी को जब रिंकू ने अपना फेसबुक अकाउंट खोलने की कोशिश की तो पासवर्ड गलत बता रहा था और आईडी एक्सेस नहीं हो पा रही थी। इसके बाद उन्होंने अपने भाई सोनू को इसकी जानकारी दी।
बिना इस्तेमाल के अपलोड हो रहे थे फोटो-वीडियो
सोनू सिंह के मुताबिक, जांच करने पर पता चला कि रिंकू सिंह की फेसबुक आईडी से फोटो और वीडियो अपलोड हो रहे थे, जबकि रिंकू खुद अकाउंट इस्तेमाल नहीं कर रहे थे। तब साफ हो गया कि अकाउंट हैक हो चुका है। पहले यह फेसबुक अकाउंट जिस ई-मेल आईडी से लॉग-इन था, वह थी rinkukumar344.8.7, लेकिन अब अकाउंट को दूसरी ई-मेल आईडी commercial.rinkukumar से चलाया जा रहा था।
मोनेटाइज्ड अकाउंट की कमाई भी हैकर्स के पास
रिंकू सिंह का फेसबुक अकाउंट मोनेटाइज्ड है, जिससे उन्हें अच्छी-खासी आय होती है। सोनू सिंह ने बताया कि हैकर्स उस इनकम को भी अपने खाते में ट्रांसफर कर रहे हैं। इसके बाद 5 फरवरी को सोनू सिंह ने एसएसपी से मुलाकात कर लिखित शिकायत दी। एसएसपी के आदेश पर साइबर क्राइम थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस जांच में जुटी, अकाउंट रिकवरी के निर्देश
साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर रामेंद्र शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने कहा कि रिंकू सिंह के भाई की तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है और साइबर टीम को हैकर्स का पता लगाने व अकाउंट रिकवर करने के निर्देश दिए गए हैं।
बढ़ते साइबर अपराध और बचाव की जरूरत
डिजिटल ट्रांजैक्शन, यूपीआई का बढ़ता इस्तेमाल, एआई का दुरुपयोग और अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह साइबर अपराध बढ़ने के बड़े कारण हैं। लोगों को संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए, मजबूत पासवर्ड इस्तेमाल करना चाहिए और किसी भी फ्रॉड की स्थिति में तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। सरकार I4C और CERT-In के जरिए लगातार कदम उठा रही है, लेकिन जागरूकता सबसे जरूरी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0