झांसी में ‘लुटेरा दूल्हा’ बेनकाब, 6 साल में 3 शादियां कर दहेज हड़पा, चौथी शादी से पहले पत्नियां पहुंचीं SSP ऑफिस
झांसी में एक व्यक्ति ने छह साल में तीन महिलाओं से शादी की, दहेज और गहने लूट लिए और उन्हें घर से निकाल दिया। तीनों पत्नियां उसकी चौथी शादी रोकने के लिए एसएसपी कार्यालय पहुंचीं।
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है। यहां एक युवक ने खुद को कुंवारा बताकर 6 साल के भीतर तीन शादियां कीं और हर बार दहेज में मिली नकदी और गहने लेकर अपनी पत्नियों को घर से निकाल दिया। अब जब वह चौथी शादी की तैयारी कर रहा था, तो उसकी तीनों पत्नियां एकजुट होकर पुलिस के पास पहुंच गईं। गुरुवार को तीनों महिलाएं झांसी के एसएसपी कार्यालय पहुंचीं और आरोपी युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए उसकी चौथी शादी रोकने की मांग की। मामला बबीना थाना क्षेत्र का बताया गया है।
पहली पत्नी का आरोप: दहेज लेकर घर से निकाला
पहली पत्नी ने बताया कि उसकी शादी साल 2019 में ललितपुर जिले के लिधोरा गांव निवासी सुनील से हुई थी। शादी में करीब 8 लाख रुपये नकद और जेवर दिए गए थे। कुछ ही महीनों बाद सुनील ने दहेज की मांग शुरू कर दी और मारपीट कर उसे मायके भेज दिया। बाद में तलाक का नोटिस भेजा गया। पीड़िता ने बताया कि उसे बाद में पता चला कि सुनील ने दो और शादियां भी कर ली हैं।
पहली शादी छिपाकर की दूसरी शादी
दूसरी पत्नी ने बताया कि उसकी शादी 2021 में हुई थी। शादी के बाद सुनील ने सोने की चेन और बुलेट बाइक की मांग की। दहेज के लिए मारपीट कर कुछ ही महीनों में उसे भी घर से निकाल दिया गया। बाद में पता चला कि सुनील पहले से शादीशुदा था और यह बात जानबूझकर छिपाई गई थी।
तीसरी पत्नी और बच्चे को भी नहीं अपनाया
तीसरी पत्नी ने बताया कि उसकी शादी 2023 में हुई थी। शादी के बाद उसे पता चला कि सुनील पहले से दो शादियां कर चुका है। गर्भवती होने के दौरान भी दहेज के लिए उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया। बाद में उसने एक बेटी को जन्म दिया, लेकिन सुनील ने मां और बच्चे दोनों को अपनाने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
तीनों पत्नियों की शिकायत पर बबीना थाना पुलिस ने आरोपी सुनील के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी जेपी पाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0