गाजियाबाद में तीन बहनों की आत्महत्या केस में बड़ा खुलासा: पिता के पारिवारिक और आर्थिक हालात आए सामने
गाजियाबाद तिहरे आत्महत्या मामले में हुए नए खुलासे बताते हैं कि पिता का परेशान वैवाहिक जीवन, लापता पत्नियां और गंभीर वित्तीय संकट इस त्रासदी से जुड़े हुए हैं।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में तीन सगी नाबालिग बहनों निशिका, प्राची और पाखी की आत्महत्या के मामले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। अब इस दर्दनाक घटना में एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। ताजा जानकारी बच्चियों से नहीं, बल्कि उनके पिता चेतन कुमार के निजी जीवन और आर्थिक स्थिति से जुड़ी है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, बच्चियों के पिता का पारिवारिक माहौल बेहद जटिल और तनावपूर्ण था, जिसका असर पूरे परिवार पर पड़ रहा था। पुलिस भी अब इस एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है।
पिता के वैवाहिक जीवन को लेकर गंभीर आरोप
परिवार से जुड़े लोगों का दावा है कि चेतन कुमार ने दो शादियां की थीं और उन्हीं से तीनों बेटियां पैदा हुई थीं। शुरुआत में वह दोनों पत्नियों और बेटियों के साथ एक ही घर में रहते थे। लेकिन आरोप है कि इसके बाद चेतन अपनी साली को भी घर ले आए और उसे पत्नी की तरह रखने लगे। इस वजह से घर में लगातार तनाव, झगड़े और अशांति का माहौल बन गया था। आए दिन होने वाले विवादों से बच्चियों पर भी मानसिक दबाव बढ़ता जा रहा था।
घर छोड़कर चली गईं दोनों पत्नियां
बताया जा रहा है कि हालात इतने खराब हो गए थे कि एक दिन चेतन की दोनों पत्नियां घर छोड़कर चली गईं। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला है। दोनों महिलाओं की गुमशुदगी टीला मोड़ थाने में दर्ज है, लेकिन पुलिस अब तक उन्हें खोज नहीं पाई है। मांओं के चले जाने के बाद तीनों नाबालिग बहनें पूरी तरह पिता के सहारे रह गई थीं।
आर्थिक तंगी ने बढ़ाई मुश्किलें
चेतन कुमार स्टॉक ब्रोकर का काम करते थे, लेकिन उन्हें इस काम में भारी नुकसान हुआ। सूत्रों के मुताबिक, उन पर करीब दो करोड़ रुपये का कर्ज हो चुका है। आर्थिक हालात इतने खराब हो गए थे कि परिवार का खर्च चलाना भी मुश्किल हो रहा था। इसी तंगी के चलते चेतन ने अपनी तीनों बेटियों का स्कूल छुड़ा दिया था। कोविड-19 खत्म होने के बाद भी बच्चियों को दोबारा स्कूल नहीं भेजा गया।
फोन बेचकर चुकाया बिजली का बिल
परिवार की आर्थिक हालत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि हाल ही में चेतन ने अपनी बेटियों के मोबाइल फोन बेचकर फ्लैट का बिजली बिल चुकाया था। माना जा रहा है कि पारिवारिक कलह, मांओं की गैरमौजूदगी और आर्थिक संकट ने बच्चियों के मानसिक हालात को बुरी तरह प्रभावित किया। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि इस दर्दनाक घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0