चांदी फिर हुई सस्ती… मुनाफावसूली में 6 फीसदी गिरावट, निवेशकों में हलचल

मुनाफावसूली के चलते वायदा बाजार में चांदी की कीमतों में 6 प्रतिशत की गिरावट आई। बाजार में अस्थिरता के चलते एमसीएक्स पर सोने की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई।

Feb 5, 2026 - 09:47
 0  7
चांदी फिर हुई सस्ती… मुनाफावसूली में 6 फीसदी गिरावट, निवेशकों में हलचल

Silver Price Today: पिछले कुछ दिनों से लगातार तेजी के बाद अब चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार, 5 फरवरी को जैसे ही कमोडिटी बाजार खुले, चांदी के भाव एकदम नीचे आ गए। वायदा बाजार में चांदी की कीमतों में करीब 6 फीसदी की तेज गिरावट देखने को मिली। मुनाफावसूली के चलते निवेशकों ने बिकवाली की, जिससे पिछले दो कारोबारी सत्रों की पूरी बढ़त खत्म हो गई। इससे पहले अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण चांदी और सोने की कीमतों में तेजी बनी हुई थी।

मुनाफावसूली से टूटी चांदी की रफ्तार
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को निवेशकों ने मुनाफा वसूलना शुरू किया, जिससे चांदी के दाम तेजी से गिर गए। पिछले दो सत्रों में अंतरराष्ट्रीय तनाव के चलते चांदी में अच्छी तेजी आई थी, लेकिन आज की गिरावट ने उस बढ़त पर ब्रेक लगा दिया। चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी कमजोरी देखने को मिली।

MCX और COMEX पर चांदी-सोने का हाल
MCX पर चांदी की कीमत करीब 6 फीसदी गिरकर 2,52,719 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। वहीं सोना भी करीब 2 फीसदी गिरकर 1,48,455 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय वायदा बाजार COMEX पर चांदी के दाम 10 फीसदी की बड़ी गिरावट के साथ 73.415 डॉलर पर आ गए। इसी तरह COMEX पर सोना 1.5 फीसदी गिरकर 4,805 डॉलर पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में अलग दिखा रुख
हालांकि अंतरराष्ट्रीय स्पॉट मार्केट में चांदी और सोने का रुख थोड़ा अलग नजर आया। स्पॉट चांदी 2.1 फीसदी बढ़कर 89.88 डॉलर प्रति औंस हो गई। इससे पहले पिछले हफ्ते यह 121.64 डॉलर के अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंची थी। स्पॉट सोना भी 1.1 फीसदी की बढ़त के साथ 5,016.89 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। पिछले गुरुवार को यह 5,594.82 डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर था।

अन्य कीमती धातुओं में भी उतार-चढ़ाव
अप्रैल डिलीवरी के लिए अमेरिकी सोने के वायदा भाव 1.8 फीसदी बढ़कर 5,036.80 डॉलर प्रति औंस हो गए। वहीं स्पॉट प्लैटिनम 2.1 फीसदी बढ़कर 2,272.55 डॉलर प्रति औंस पर पहुंचा, जो 26 जनवरी को 2,918.80 डॉलर के उच्चतम स्तर पर था। पैलेडियम में भी 0.7 फीसदी की तेजी आई और यह 1,787.55 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।

देश में आज क्या है सोने का भाव
देश में चांदी की तरह ही सोने की कीमतों में भी आज गिरावट देखने को मिली। खबर लिखे जाने तक MCX पर 2 अप्रैल 2026 को एक्सपायर होने वाले गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट की कीमत करीब 0.76 फीसदी यानी लगभग 1,156 रुपये प्रति 10 ग्राम घट गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। वे राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में उन्हें 2 वर्ष का अनुभव है। उन्होंने रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव रखते हैं। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से वे यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़े हैं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। उनकी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान वे कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुके हैं।