मायावती का बड़ा संगठनात्मक दांव: अशोक सिद्धार्थ को नंबर-1 जिम्मेदारी, मिशन 2027 से पहले बसपा में व्यापक फेरबदल
बसपा प्रमुख मायावती ने पार्टी संगठन में फेरबदल करते हुए अशोक सिद्धार्थ को चार राज्यों का प्रभारी नियुक्त किया है और 2027 के चुनावों से पहले उत्तर प्रदेश में नौशाद अली को पदोन्नत किया है।
बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने पार्टी संगठन में बड़ा बदलाव किया है। राष्ट्रीय पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों में अहम फेरबदल करते हुए उन्होंने पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ को फिर से बड़ी जिम्मेदारी दी है। अशोक सिद्धार्थ, जो आकाश आनंद के ससुर भी हैं, को दिल्ली, गुजरात, छत्तीसगढ़ और केरल का प्रभारी बनाया गया है। माना जा रहा है कि यह कदम 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर उठाया गया है।
अशोक सिद्धार्थ नंबर एक, रामजी गौतम के पर कतरें
इस फेरबदल के बाद अशोक सिद्धार्थ को राष्ट्रीय स्तर पर नंबर एक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, रामजी गौतम से दिल्ली, मध्यप्रदेश, झारखंड और बिहार की जिम्मेदारी वापस लेकर उन्हें महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश और तमिलनाडु का प्रभार दिया गया है। राजाराम, जिनके पास पहले सिर्फ महाराष्ट्र था, अब मध्यप्रदेश, बिहार और झारखंड के प्रभारी बनाए गए हैं। पूर्व सांसद गिरीश चंद्र को उत्तराखंड और सुमरत सिंह को राजस्थान का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
नौशाद अली का कद बढ़ा, यूपी में नई रणनीति
पार्टी के मुस्लिम चेहरे नौशाद अली को यूपी के चार अहम मंडल—कानपुर, लखनऊ, आगरा और मेरठ—की जिम्मेदारी दी गई है। यूपी के 18 मंडल प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। राजनीतिक विश्लेषक सैय्यद कासिम के अनुसार, यह ‘मिशन 2027’ की रणनीति का हिस्सा है, जिससे दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वोट बैंक को मजबूत किया जा सके।
अशोक सिद्धार्थ की वापसी और पृष्ठभूमि
12 फरवरी 2025 को मायावती ने गुटबाजी के आरोप में अशोक सिद्धार्थ और उनके करीबी नितिन सिंह को पार्टी से निष्कासित किया था। बाद में सितंबर 2025 में उनकी वापसी हुई। अशोक सिद्धार्थ पेशे से डॉक्टर हैं और 2007 में सरकारी नौकरी छोड़कर बसपा में शामिल हुए थे। वे दो बार एमएलसी और 2016 से 2022 तक राज्यसभा सदस्य रहे। उनकी पत्नी सुनीता सिद्धार्थ यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। मायावती का यह कदम संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर पुनर्गठन की दिशा में अहम माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
