सलमान खान के पिता सलीम खान लीलावती अस्पताल में एडमिट… अचानक बिगड़ी तबीयत, फैंस परेशान
बॉलीवुड के दिग्गज लेखक सलीम खान को अचानक तबीयत खराब होने के बाद मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कड़ी सुरक्षा के बीच अस्पताल पहुंचे सलमान खान
Salim Khan Hospitalized: बॉलीवुड इंडस्ट्री से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। मशहूर फिल्म लेखक और अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी तबीयत खराब होने की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है और परिवार की तरफ से भी आधिकारिक बयान का इंतजार है। हालांकि, अस्पताल के बाहर सलमान खान को देखा गया, जिसके बाद फैंस की चिंता बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर लगातार लोग सलीम खान के जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं।
अस्पताल पहुंचे सलमान, टाइट सिक्योरिटी में दिखे
जानकारी के मुताबिक, सलमान खान सुबह अस्पताल पहुंचे थे। वह इन दिनों अपनी फिल्म बैटल ऑफ गलवान को लेकर व्यस्त चल रहे हैं। अस्पताल से बाहर निकलते समय उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच देखा गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह ब्लैक टी-शर्ट पहने नजर आए और उनके चेहरे पर चिंता साफ दिखाई दे रही थी। उनके साथ मौजूद कुछ लोग फिल्म से जुड़ी टी-शर्ट पहने हुए भी दिखे।
हेल्थ अपडेट का इंतजार, परिवार ने नहीं दी जानकारी
सलीम खान की उम्र करीब 90 साल है। फिलहाल उनकी तबीयत किस कारण बिगड़ी, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। सलमान खान ने भी अस्पताल के बाहर मीडिया से कोई बात नहीं की। अब तक परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल में ज्यादा नजर नहीं आए थे, लेकिन बाद में फिल्म प्रोड्यूसर अतुल अग्निहोत्री भी अस्पताल पहुंचते दिखे। वह सलमान की बहन अलवीरा खान के पति हैं।
पिता के साथ ही रहते हैं सलमान
बताया जाता है कि सलमान खान शादी न करने के कारण अपने माता-पिता के साथ ही रहते हैं और उनका खास ख्याल रखते हैं। इसलिए पिता की तबीयत बिगड़ने की खबर से फैंस भी भावुक हो गए हैं।
सलीम खान का फिल्मी सफर और परिवार
सलीम खान हिंदी फिल्मों के मशहूर लेखक रहे हैं। उनका जन्म मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ था। बचपन में ही उनके माता-पिता का निधन हो गया था। उन्होंने पहली शादी सुशीला चरक से की, जिन्होंने शादी के बाद अपना नाम सलमा रख लिया। सलमान, अरबाज, सोहेल और अलवीरा उनके बच्चे हैं। बाद में उन्होंने मशहूर अभिनेत्री हेलेन से दूसरी शादी की, जिनसे कोई संतान नहीं है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
