बासी रोटियों से बनाएं ठंडा और हेल्दी नाश्ता, स्वाद भी शानदार और अन्न की बचत भी
बची हुई रोटियों से दही, प्याज और मसालों का इस्तेमाल करके एक बढ़िया और सेहतमंद नाश्ता बनाना सीखें। गर्मियों के लिए आसान और बिना किसी बर्बादी वाली रेसिपी।
अक्सर घरों में रात का खाना बच जाता है। सब्जी को तो दोबारा गर्म करके खाया जा सकता है, लेकिन बासी रोटियों का स्वाद लोगों को पसंद नहीं आता। कई बार ये रोटियां फेंक दी जाती हैं, जिससे अन्न की बर्बादी होती है। अब ऐसी स्थिति में परेशान होने की जरूरत नहीं है। गर्मियों के मौसम में बची हुई सूखी रोटियों से एक हेल्दी और टेस्टी नाश्ता तैयार किया जा सकता है। यह नाश्ता न सिर्फ पेट भरता है, बल्कि शरीर को ठंडक भी देता है। खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती।
पहला और दूसरा स्टेप: रोटी सेंकें और दही तैयार करें
सबसे पहले रात की बची हुई रोटियों को धीमी आंच पर करारी होने तक सेंक लें। जब रोटियां हल्की ठंडी हो जाएं तो उन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़कर एक प्लेट में रख लें। इसके बाद गाढ़ा दही लें और उसमें थोड़ा ठंडा पानी डालकर अच्छी तरह फेंट लें। दही में दो चम्मच धनिया-पुदीना की चटनी मिलाएं। फिर इसमें लाल मिर्च पाउडर, काला नमक और जीरा पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। अब इस दही के मिश्रण में टूटी हुई रोटियां डाल दें।
तीसरा स्टेप: प्याज डालें और सर्व करें
अब सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं और इसमें एक बड़ा बारीक कटा हुआ प्याज डाल दें। इसे करीब पांच मिनट तक ऐसे ही रहने दें ताकि रोटियां दही का स्वाद अच्छी तरह सोख लें। इसके बाद इसे प्लेट में निकाल लें। ऊपर से थोड़ा और बारीक कटा प्याज, हरा धनिया, जीरा पाउडर और लाल मिर्च पाउडर छिड़कें और ठंडा-ठंडा सर्व करें।
स्वाद और सेहत दोनों का ख्याल
यह नाश्ता खाने के बाद लंबे समय तक पेट भरा रहता है। दही, प्याज और रोटी से बना यह व्यंजन गर्मियों में शरीर को ठंडक देता है और भरपूर ऊर्जा भी देता है। इसका स्वाद काफी हद तक दही पापड़ी चाट जैसा लगता है। अब अगर कभी रोटियां बच जाएं तो उन्हें फेंकने की बजाय इस आसान तरीके से स्वादिष्ट नाश्ता बनाकर खाएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
