ट्रंप के रेसिप्रोकल टैरिफ से बढ़ी अमेरिकी कमाई, बजट घाटे में आई 26% की कमी
डोनाल्ड ट्रम्प की पारस्परिक टैरिफ नीति के तहत टैरिफ राजस्व में 304 प्रतिशत की वृद्धि के कारण जनवरी में अमेरिकी बजट घाटा 26 प्रतिशत कम हो गया।
डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कई देशों पर लगाए गए रेसिप्रोकल टैरिफ का असर अब अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर साफ दिखाई देने लगा है। टैरिफ बढ़ने से सरकार की कमाई में तेजी आई है और इसका सीधा असर बजट घाटे पर पड़ा है। जनवरी महीने में अमेरिका का बजट घाटा पिछले साल के मुकाबले 26 फीसदी घटकर 95 अरब डॉलर रह गया। यह गिरावट बताती है कि सरकार के राजस्व में सुधार हुआ है। हालांकि, वित्तीय वर्ष 2026 के पहले चार महीनों में कुल घाटा अब भी बड़ा है।
चार महीनों में घाटा 697 अरब डॉलर
अमेरिका में नया वित्तीय वर्ष अक्टूबर से शुरू होता है। वित्तीय वर्ष 2026 के पहले चार महीनों में सरकार का बजट घाटा 17 फीसदी घटकर 697 अरब डॉलर रह गया है। हालांकि यह अब भी साल के शुरुआती चार महीनों में अब तक का तीसरा सबसे बड़ा घाटा माना जा रहा है। इसके बावजूद राजस्व में आई बढ़ोतरी सरकार के लिए राहत की खबर है।
टैरिफ से रिकॉर्ड कमाई
इन चार महीनों में सरकार का कुल रेवेन्यू 12 फीसदी बढ़कर 1.8 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गया। इसमें टैरिफ से हुई कमाई की बड़ी भूमिका रही। टैरिफ रेवेन्यू 304 फीसदी की तेज बढ़ोतरी के साथ 124 अरब डॉलर रहा। इसके अलावा व्यक्तिगत आयकर से 924 अरब डॉलर की कमाई हुई। सोशल इंश्योरेंस और रिटायरमेंट से 579 अरब डॉलर, कॉरपोरेट इनकम टैक्स से 112 अरब डॉलर और एक्साइज टैक्स से 31 अरब डॉलर सरकार को मिले।
सरकार का खर्च भी बढ़ा
राजस्व बढ़ने के बावजूद सरकारी खर्च में भी इजाफा हुआ है। साल के पहले चार महीनों में कुल खर्च 2 फीसदी बढ़कर 2.5 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गया। सोशल सिक्योरिटी पर 540 अरब डॉलर खर्च किए गए। मेडिकेयर पर 403 अरब डॉलर, ब्याज भुगतान में 346 अरब डॉलर और नेशनल डिफेंस पर 341 अरब डॉलर खर्च हुआ। इसके अलावा हेल्थ पर 338 अरब डॉलर, इनकम सिक्योरिटी पर 216 अरब डॉलर, पूर्व सैनिकों पर 150 अरब डॉलर, शिक्षा पर 61 अरब डॉलर, ट्रांसपोर्टेशन पर 43 अरब डॉलर और अन्य मदों पर 43 अरब डॉलर खर्च किए गए। कुल मिलाकर, टैरिफ नीति से सरकार की आमदनी बढ़ी है, लेकिन बड़े खर्च के कारण बजट संतुलन अब भी चुनौती बना हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
