अनर्गल बयानबाजी छोड़े, नहीं तो… विधान परिषद में गरजे सीएम योगी, सपा-कांग्रेस को दी कड़ी चेतावनी
योगी आदित्यनाथ ने विधान परिषद में विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यूपी विकास और बेहतर कानून व्यवस्था के साथ नई पहचान बना रहा है। उन्होंने 2029–30 तक राज्य को 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य दोहराया और शिक्षा, निवेश व रोजगार में सुधार का दावा किया।
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को विधान परिषद में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के सदस्यों को नसीहत देते हुए कहा कि कांग्रेस से सबक लें, क्योंकि कांग्रेस विधान परिषद विहीन हो चुकी है। अगर सपा भी विधानसभा और परिषद से बाहर होना चाहती है तो अनर्गल बयानबाजी और महापुरुषों का अपमान करती रहे, अन्यथा जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाए। मुख्यमंत्री ने विपक्ष से प्रदेश की नई पहचान को संकट में न डालने की अपील की और कहा कि विकास यात्रा में साथ देंगे तो जनता सम्मान देगी।
नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहा यूपी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज हर सेक्टर में सफलता प्राप्त कर रहा है। टीमवर्क के कारण ही सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। गांव, गरीब, युवा, महिला, किसान और हस्तशिल्पी सभी के मन में विश्वास पैदा हुआ है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है, अपराधी भयभीत हैं, गरीब को सम्मान मिल रहा है, किसान खुशहाल है, महिलाओं को सुरक्षा की गारंटी और युवाओं को अवसर मिल रहे हैं। हर गांव में बिजली और लोगों के मन में गर्व की भावना है। यूपी फिर से रामराज्य की आधारभूमि के रूप में नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है।
सपा पर बजट को लेकर हमला
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश ने जनकल्याण, रोजगार और निवेश के साथ सामाजिक सुरक्षा के जरिए मजबूत और समृद्ध पहचान बनाई है। सरकार का लक्ष्य प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप 2029-30 तक यूपी को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाना है और बजट उसी दिशा में प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी बजट की सराहना नहीं कर पाई, क्योंकि उनके पास अच्छा करने का अनुभव नहीं है। डबल इंजन सरकार के माध्यम से विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
संवैधानिक संस्थाओं पर टिप्पणी को लेकर नाराजगी
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर जातीय संघर्ष बढ़ाने और आस्था का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संवैधानिक मूल्यों पर हमला स्वीकार्य नहीं है। भारत निर्वाचन आयोग की एसआईआर प्रक्रिया का जिक्र करते हुए बताया कि 2.88 करोड़ से अधिक लोग अनुपस्थित, मृत या स्थानांतरित पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पहले फर्जी वोटिंग होती थी और अब फॉर्म-6, 7 और 8 की प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है।
SIR से जुड़े कर्मचारियों से दुर्व्यवहार का आरोप
सीएम ने कहा कि सपा कार्यकर्ता SIR प्रक्रिया में लगे बीएलओ और अन्य कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट कर रहे हैं, जो गलत है। संविधान की शपथ लेने वालों को संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना चाहिए।
शिक्षा क्षेत्र में सुधार का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था बेहतर हुई है। ऑपरेशन कायाकल्प, अटल आवासीय विद्यालय और सीएम कंपोजिट स्कूल जैसे मॉडल विकसित किए गए हैं। हर जिले में दो सीएम कंपोजिट विद्यालय स्वीकृत हुए हैं और प्री-प्राइमरी से 12वीं तक एक कैंपस में शिक्षा देने की योजना है। माध्यमिक शिक्षा में प्रोजेक्ट अलंकार के तहत धन दिया गया है। टाटा टेक्नोलॉजी के साथ 150 आईटीआई में AI, ड्रोन और रोबोटिक्स जैसे कोर्स शुरू किए गए हैं। प्रदेश में लगभग 75 विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा के केंद्र बनकर उभरे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
