अयोध्या जिला जेल से दो कैदी फरार, दीवार तोड़कर 20 फीट ऊंची दीवार फांदी

हत्या और बलात्कार के आरोपी दो कैदी अयोध्या जिला जेल की विशेष कोठरी की दीवार तोड़कर फरार हो गए। कई जेल अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।

Jan 29, 2026 - 11:25
Jan 29, 2026 - 11:43
 0  5
अयोध्या जिला जेल से दो कैदी फरार, दीवार तोड़कर 20 फीट ऊंची दीवार फांदी

Uttar Pradesh News:  उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिला जेल से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली बड़ी घटना सामने आई है। जेल की स्पेशल सेल में बंद दो खतरनाक कैदी दीवार तोड़कर फरार हो गए। दोनों कैदियों ने पूरी रात मेहनत कर जेल की पिछली दीवार की ईंटें उखाड़ीं और फिर कंबल व मफलर से रस्सी बनाकर करीब 20 फीट ऊंची दीवार फांदकर भाग निकले। गुरुवार सुबह जब जेल में कैदियों की गिनती शुरू हुई तो इस घटना का खुलासा हुआ। खबर मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

स्पेशल सेल की दीवार तोड़कर रची गई भागने की साजिश
पुलिस के अनुसार, फरार हुए दोनों कैदी जेल की स्पेशल सेल नंबर-एक की कोठरी नंबर-4 में बंद थे। बुधवार शाम करीब 6 बजे बैरक बंद की गई थी। उस समय दोनों कैदी अपनी कोठरी में मौजूद थे। रात के दौरान दोनों ने जेल के पीछे की ओर लगी दीवार के जंगले से 25 से 30 ईंटें निकाल दीं। इसके बाद उन्होंने कंबल और मफलर को जोड़कर रस्सी बनाई और ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए।

सुबह गिनती में खुला मामला, CCTV भी नहीं दे सका सुराग
गुरुवार सुबह करीब 6 बजे जब रोजाना की तरह कैदियों की गिनती शुरू हुई तो दोनों कैदी अपनी कोठरी में नहीं मिले। नाम पुकारे जाने के बाद जब जेलकर्मी अंदर पहुंचे तो पीछे की दीवार पर जंगले से ईंटें निकली हुई दिखाई दीं। इसके बाद पूरे जेल परिसर में सर्च अभियान चलाया गया और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए, लेकिन कैदियों का कोई सुराग नहीं मिला।

हत्या और रेप के आरोपी थे फरार कैदी
फरार कैदियों की पहचान गोलू अग्रहरि उर्फ सूरज और शेर अली उर्फ रफीक अली के रूप में हुई है। गोलू अग्रहरि अमेठी के मुसाफिरखाना का रहने वाला है और उस पर अमेठी व अयोध्या में पॉक्सो समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं शेर अली सुलतानपुर के अमरे मऊ का निवासी है और उस पर अयोध्या, जौनपुर और सुलतानपुर में हत्या सहित कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। दोनों कैदी हत्या और रेप जैसे गंभीर आरोपों में जेल में बंद थे।

बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई, कई अधिकारी सस्पेंड
इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए डीजी जेल पीसी मीणा ने सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने जेल के वरिष्ठ अधीक्षक यूपी मिश्रा, जेलर जेके यादव, डिप्टी जेलर मयंक त्रिपाठी, एक हेड वार्डर और तीन वार्डरों को सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। पुलिस और जेल प्रशासन फरार कैदियों की तलाश में जुटा हुआ है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। वे राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में उन्हें 2 वर्ष का अनुभव है। उन्होंने रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव रखते हैं। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से वे यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़े हैं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। उनकी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान वे कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुके हैं।