अपराधी को गोली चलाने की आज़ादी है तो पुलिस क्यों नहीं…एनकाउंटर विवाद पर सीएम योगी की बेबाक सफाई

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फार्मा कॉन्क्लेव 1.0 में मुठभेड़ नीति को स्पष्ट करते हुए कहा कि सभी पर समान रूप से जीरो टॉलरेंस लागू होगा और उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था में बदलाव आया है।

Feb 3, 2026 - 12:42
 0  7
अपराधी को गोली चलाने की आज़ादी है तो पुलिस क्यों नहीं…एनकाउंटर विवाद पर सीएम योगी की बेबाक सफाई

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश फार्मा कॉन्क्लेव 1.0 के मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था, एनकाउंटर और जीरो टॉलरेंस नीति पर खुलकर बात की। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून सबके लिए बराबर है। कोई अपना या पराया नहीं है। अगर कोई गलत करेगा तो उस पर वही कानून लागू होगा, जो माफिया और अपराधियों पर होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाई कोर्ट की टिप्पणियों के बाद भी सरकार ने यह तय किया है कि जीरो टॉलरेंस हर व्यक्ति पर समान रूप से लागू रहेगा।

एनकाउंटर पर उठे सवालों पर दिया जवाब
सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने हमेशा कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई करने का प्रयास किया है। लेकिन कई बार ऐसी परिस्थितियां बन जाती हैं, जब सामने वाला व्यक्ति कानून से डरता ही नहीं है। ऐसे में उसे कानून की भाषा में समझाना जरूरी हो जाता है। उन्होंने कहा कि जब पुलिस कार्रवाई करती है तो लोग सवाल उठाते हैं कि गोली क्यों चलाई गई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर अपराधी के पास गोली चलाने की आजादी है, तो पुलिस को भी आत्मरक्षा का अधिकार है।

2012 से 2017 तक यूपी की स्थिति पर बयान
सीएम योगी ने पिछली सरकारों के समय की स्थिति को याद करते हुए कहा कि 2012 से 2017 के बीच उत्तर प्रदेश में 900 से ज्यादा दंगे हुए थे। शायद ही कोई ऐसा शहर रहा हो जहां कर्फ्यू न लगा हो। उन्होंने कहा कि उस दौर में उद्यमी, डॉक्टर और व्यापारी गुंडा टैक्स देने को मजबूर थे। जब उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई, तो सबसे बड़ी चुनौती लोगों के मन में भरोसा पैदा करना था।

जीरो टॉलरेंस नीति पर अडिग सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चुन-चुनकर कार्रवाई नहीं कर सकती थी। इसलिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई, जो सभी पर समान रूप से लागू होती है। अगर सरकार का अपना कोई व्यक्ति भी कानून तोड़ेगा, तो उस पर भी वही कार्रवाई होगी।

निवेश के लिए सुरक्षित बना उत्तर प्रदेश
सीएम योगी ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश में बड़ा सकारात्मक बदलाव आया है। अब न दंगे होते हैं, न जबरन वसूली और न ही अराजकता। राज्य में शांति और कानून-व्यवस्था कायम है। इसी वजह से आज उत्तर प्रदेश देश का एक बड़ा निवेश डेस्टिनेशन बन चुका है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 1
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। वे राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में उन्हें 2 वर्ष का अनुभव है। उन्होंने रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव रखते हैं। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से वे यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़े हैं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। उनकी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान वे कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुके हैं।