गाजियाबाद में धर्म परिवर्तन कर नाबालिग का निकाह कराने की कोशिश, पुलिस ने ऐन वक्त पर रोका
गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में एक नाबालिग लड़की के कथित धर्मांतरण और जबरन निकाह का मामला सामने आया है। पुलिस ने निकाह को रोककर लड़की को बचा लिया।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग किशोरी का धर्म परिवर्तन कर निकाह कराने की तैयारी की जा रही थी। यह मामला इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनावनी इलाके का है। बताया गया कि फरीदाबाद की रहने वाली किशोरी को पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने बहला-फुसलाकर गाजियाबाद बुलाया था। यहां उसे एक रिश्तेदार के घर में रखा गया, जहां उसका निकाह कराने की तैयारी चल रही थी। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए निकाह रुकवाया और किशोरी को सुरक्षित बचा लिया।
बजरंग दल को मिली सूचना, पुलिस को दी गई जानकारी
इस पूरे मामले की जानकारी बजरंग दल को मिली थी। बजरंग दल के हरनंदी महानगर के विशेष संपर्क प्रमुख अमित पराशर ने बताया कि एक फरवरी की शाम करीब चार बजे संगठन को सूचना मिली थी कि कनावनी इलाके में एक किशोरी का निकाह कराने की तैयारी हो रही है। सूचना मिलने के बाद संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। जानकारी पुख्ता होने पर तुरंत पुलिस को भी सूचित किया गया। अमित पराशर के अनुसार, जब संगठन के लोगों ने वहां चल रहे आयोजन के बारे में पूछा तो उन्हें गुमराह करने की कोशिश की गई।
बर्थडे पार्टी बताकर की गई सच्चाई छिपाने की कोशिश
आरोपी युवक और उसके परिजनों ने बताया कि घर में बर्थडे पार्टी का आयोजन किया गया है। आसपास के लोगों ने भी यही बात दोहराई। लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद संगठन के लोग घर के अंदर गए। वहां पता चला कि किशोरी का जबरन निकाह कराया जा रहा था। पुलिस को देखते ही परिजनों ने युवक और किशोरी को वहां से भगा दिया।
नोएडा से पकड़े गए युवक और किशोरी
इसके बाद पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई और युवक व किशोरी की तलाश शुरू की गई। दोनों को एक फरवरी की देर रात नोएडा से पकड़ लिया गया। किशोरी ने पुलिस और संगठन के पदाधिकारियों को बताया कि आरोपी युवक फरीदाबाद में उसके घर के सामने ही रहता था। उसने पहले उसे प्रेमजाल में फंसाया और 19 जनवरी को उसे अपने साथ कनावनी ले आया।
किशोरी परिजनों को सौंपी गई, जांच जारी
इंदिरापुरम के एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि किशोरी के परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी गई। उन्हें बुलाकर किशोरी को उनके हवाले कर दिया गया है। आरोपी युवक और उसके परिजनों को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0