यूपी बोर्ड की बड़ी राहत, देरी से आने और एडमिट कार्ड भूलने पर भी दे सकेंगे परीक्षा
UP बोर्ड ने लेट आने वाले स्टूडेंट्स को 30 मिनट का ग्रेस टाइम दिया है और 2026 के बोर्ड एग्जाम में बिना एडमिट कार्ड के एंट्री की प्रोविजनल इजाज़त दी है। 52 लाख से ज़्यादा स्टूडेंट्स एग्जाम दे रहे हैं।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं आज से शुरू हो गई हैं। 18 फरवरी 2026 को पहली शिफ्ट में कक्षा 10 की हिंदी और प्रारंभिक हिंदी की परीक्षा आयोजित की जा रही है, जबकि दूसरी शिफ्ट में 12वीं की हिंदी और सामान्य हिंदी की परीक्षा हो रही है। इस साल करीब 52 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इनमें 27.50 लाख हाईस्कूल और 24.79 लाख इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी हैं। इस बार उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने छात्रों को बड़ी राहत दी है।
देरी से पहुंचने पर अब मिलेगी राहत
आमतौर पर बोर्ड परीक्षाओं में समय से थोड़ी भी देरी छात्रों पर भारी पड़ती है। कई बार 2 मिनट की देरी से भी छात्रों को एग्जाम सेंटर के बाहर रोक दिया जाता है। बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड में ऐसे मामले सामने आए, जहां 2 मिनट लेट होने पर छात्रों को एंट्री नहीं मिली। कई छात्र रोते हुए बाहर खड़े रहे, लेकिन सख्त नियमों के कारण उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। बिहार बोर्ड ने निर्देश दिया है कि परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले गेट बंद कर दिया जाएगा। अगर परीक्षा सुबह 9:30 बजे है तो 9 बजे तक और दोपहर 2 बजे की परीक्षा के लिए 1:30 बजे तक ही एंट्री होगी। देरी से आने पर प्रवेश नहीं मिलेगा।
सख्त नियम और कार्रवाई का प्रावधान
बिहार में अगर कोई छात्र जबरन दीवार फांदकर या घुसने की कोशिश करता है तो उसे क्रिमिनल ट्रेसपास माना जाएगा। ऐसे छात्रों पर FIR दर्ज कर दो साल तक परीक्षा से बैन किया जा सकता है। अगर कोई केंद्राधीक्षक देर से आए छात्र को एंट्री देता है तो उसके खिलाफ भी सस्पेंशन तक की कार्रवाई हो सकती है।
यूपी बोर्ड का मानवीय फैसला
इसके विपरीत, यूपी बोर्ड ने 30 मिनट का ग्रेस टाइम देने का फैसला किया है। यानी सही कारण होने पर 30 मिनट देरी से आने वाले छात्र भी परीक्षा दे सकेंगे। इससे छात्रों का एक साल बच सकता है।
साथ ही, जो छात्र गलती से एडमिट कार्ड भूल जाते हैं, उन्हें भी प्रोविजनल एंट्री दी जाएगी। उन्हें बाद में एडमिट कार्ड या उसकी डुप्लीकेट कॉपी दिखानी होगी।
अगर एडमिट कार्ड में नाम, जेंडर या पहचान से जुड़ी कोई गलती है, तो अन्य दस्तावेजों से मिलान कर परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी।
बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि समय से केंद्र पहुंचे और जरूरी दस्तावेज साथ रखें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
