सलीम खान की तबीयत नाजुक: ब्रेन ब्लीडिंग के बाद वेंटिलेटर पर शिफ्ट, लीलावती अस्पताल में ऑपरेशन आज
अनुभवी पटकथा लेखक सलीम खान को मस्तिष्क में खून का थक्का जमने और रक्तस्राव के बाद लीलावती अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया है। परिवार के सदस्य और फिल्मी सितारे उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे।
दिग्गज स्क्रिप्ट राइटर और सलमान खान के पिता सलीम खान को वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया है। मंगलवार सुबह उन्हें लीलावती अस्पताल, मुंबई में भर्ती कराया गया। रिपोर्ट के मुताबिक उन्हें घबराहट और हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया था। बाद में दिमाग में खून का थक्का जमने और ब्लीडिंग की बात सामने आई। आज उनका ऑपरेशन किया जाएगा। सुबह 11 बजे परिवार की अनुमति के बाद मेडिकल बुलेटिन जारी होने की जानकारी है।
परिवार और करीबी पहुंचे अस्पताल
सलीम खान की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही सलमान खान शूटिंग छोड़कर अस्पताल पहुंचे। उनकी मां सलमा खान, बेटियां अलवीरा और अर्पिता, दामाद अतुल अग्निहोत्री और आयुष शर्मा भी अस्पताल पहुंचे। पोते अरहान और निर्वाण भी नजर आए। अभिनेता संजय दत्त और लेखक जावेद अख्तर भी उनका हाल जानने पहुंचे। बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी भी अस्पताल आए।
डॉक्टरों की टीम कर रही इलाज
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सलीम खान को सुबह 8:30 बजे इमरजेंसी में लाया गया था। उनके इलाज के लिए न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनय चव्हाण, कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अजीत मेनन, न्यूरोसर्जन डॉ. नितिन डांगे और डॉ. बिनीत अहलूवालिया की टीम बनाई गई है।
‘सलीम–जावेद’ की मशहूर जोड़ी
90 वर्षीय सलीम खान का जन्म 24 नवंबर 1935 को हुआ था। उन्होंने 1960 के दशक में एक्टिंग से करियर शुरू किया, लेकिन बाद में लेखन को अपनी ताकत बनाया। जावेद अख्तर के साथ उनकी जोड़ी ‘सलीम–जावेद’ के नाम से मशहूर हुई। दोनों ने मिलकर जंजीर, दीवार, शोले, डॉन और सीता और गीता जैसी सुपरहिट फिल्में दीं। उन्होंने अमिताभ बच्चन की ‘एंग्री यंग मैन’ छवि बनाने में अहम भूमिका निभाई।
परिवार और निजी जीवन
सलीम खान ने 1964 में सलमा खान से शादी की। उनके बच्चे सलमान, अरबाज, सोहेल और अलवीरा हैं। 1981 में उन्होंने हेलन से शादी की और बाद में अर्पिता को गोद लिया। उनका परिवार आज हिंदी सिनेमा में सक्रिय है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
