FASTag रिचार्ज और एनुअल पास के नाम पर बड़ा स्कैम, NHAI के नाम से चल रही फर्जी वेबसाइटें
CyberDost I4C ने नकली NHAI वेबसाइट का इस्तेमाल करके FASTag रिचार्ज और सालाना पास स्कैम के बारे में चेतावनी दी है। जानें कि स्कैमर बैंक डिटेल्स कैसे चुराते हैं और कैसे सुरक्षित रहें।
देशभर में हाईवे पर यात्रा करने के लिए टोल टैक्स देना अनिवार्य है और इसके लिए अब ज्यादातर लोग FASTag का इस्तेमाल करते हैं। जो लोग अक्सर यात्रा करते हैं, वे FASTag एनुअल पास भी खरीदते हैं। लेकिन इन दिनों FASTag रिचार्ज और एनुअल पास के नाम पर बड़ा ऑनलाइन स्कैम सामने आया है। ठग लोग डिस्काउंट का लालच देकर लोगों से पैसे ऐंठ रहे हैं। स्कैमर्स National Highways Authority of India (NHAI) के नाम और लोगो का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। इस बारे में CyberDost I4C ने चेतावनी जारी की है।
65 साल के बुजुर्ग बने शिकार
CyberDost I4C के अनुसार, हाल ही में चंडीगढ़ के 65 साल के एक बुजुर्ग इस स्कैम का शिकार हो गए। ठगों ने NHAI के नाम और लोगो का इस्तेमाल कर असली जैसी दिखने वाली फर्जी वेबसाइट बनाई। सोशल मीडिया पर FASTag रिचार्ज और एनुअल पास पर भारी छूट का विज्ञापन चलाया गया, जिससे लोग आसानी से झांसे में आ गए।
गूगल सर्च में सबसे ऊपर दिखती है फर्जी साइट
जब लोग गूगल पर FASTag Recharge या FASTag Annual Pass लिखकर सर्च करते हैं, तो सबसे ऊपर नकली वेबसाइट दिखाई देती है। स्कैमर्स SEO तकनीक का इस्तेमाल कर अपनी वेबसाइट को ऊपर दिखाते हैं। वेबसाइट का नाम, लोगो और यहां तक कि URL भी असली जैसा लगता है, जिससे लोगों को शक नहीं होता।
पेमेंट के बाद नहीं मिलता पास, बैंक डिटेल भी लीक
इन फर्जी वेबसाइट पर क्लिक करने के बाद लोगों से वाहन नंबर, FASTag नंबर और मोबाइल नंबर मांगा जाता है। डिस्काउंट के लालच में लोग बिना जांचे-परखे पेमेंट कर देते हैं। पेमेंट के बाद न तो एनुअल पास मिलता है और न ही रिचार्ज होता है। उल्टा उनकी बैंक डिटेल ठगों के हाथ लग जाती है। अक्सर यह पैसा म्यूल अकाउंट में ट्रांसफर हो जाता है।
ऐसे बचें इस स्कैम से
CyberDost I4C ने सलाह दी है कि FASTag एनुअल पास केवल Rajmargyatra मोबाइल ऐप या NHAI की आधिकारिक वेबसाइट से ही खरीदें। सोशल मीडिया पर दिख रहे किसी भी डिस्काउंट ऑफर पर भरोसा न करें। हमेशा आधिकारिक चैनल से ही रिचार्ज करें। यह भी ध्यान रखें कि गूगल पर सबसे ऊपर दिखने वाला रिजल्ट हमेशा असली नहीं होता।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
