'अखिलेश की वजह से यूपी में अटका पंचायत चुनाव' पंचायत चुनाव पर राजभर का बड़ा आरोप, इस्लाम पर कहा- ये सिखाता है नफरत
उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनावों में हो रही देरी को लेकर सियासत तेज हो गई है। सुभासपा प्रमुख और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने चुनाव टलने के लिए सीधे समाजवादी पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है। अंबेडकरनगर में राजभर ने दावा किया कि योगी सरकार समय पर चुनाव कराने की तैयारी पूरी कर चुकी थी, लेकिन कानूनी प्रक्रिया के चलते मामला अटक गया। आखिर पंचायत चुनाव को लेकर विवाद कहां पहुंचा और अब 13 जुलाई की सुनवाई क्यों मानी जा रही है अहम?
उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनावों को लेकर जारी असमंजस के बीच अब मामला सियासी रंग लेने लगा है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के प्रमुख और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पंचायत चुनाव में देरी को लेकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। अंबेडकरनगर में शुक्रवार दोपहर पहुंचे राजभर ने दावा किया कि प्रदेश सरकार पंचायत चुनाव समय पर कराने के लिए पूरी तरह तैयार थी, लेकिन समाजवादी पार्टी की ओर से कानूनी कदम उठाए जाने के बाद चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हुई।
"सरकार चुनाव कराने के लिए तैयार थी, लेकिन मामला कोर्ट पहुंच गया"
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि योगी सरकार की ओर से पंचायत चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। पंचायती राज विभाग ने चुनाव से जुड़ी प्रक्रिया भी पूरी कर ली थी, लेकिन अखिलेश यादव की लीगल सेल के दखल के बाद मामला कानूनी पेंच में फंस गया। राजभर ने कहा कि हम चुनाव कराने के लिए तैयार बैठे थे, लेकिन इसी बीच अखिलेश यादव के लीगल सेल एडवाइजर की ओर से हाईकोर्ट में एक याचिका दायर कर दी गई। इसके बाद हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग को तलब कर लिया। सरकार ने कोर्ट के सभी सवालों का समय पर जवाब भी दाखिल कर दिया था।
पंचायत चुनाव की तारीख पर सस्पेंस
पंचायत चुनाव में देरी का मामला अब हाईकोर्ट में चल रहा है। राजभर ने बताया कि कोर्ट के पुराने निर्देशों के बाद सरकार ने पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन भी कर दिया था। उन्होंने कहा कि अब नया विवाद ग्राम प्रधानों की जगह प्रशासक नियुक्त किए जाने को लेकर खड़ा हो गया है। राजभर के मुताबिक, 'अब जब ग्राम प्रधानों की जगह प्रशासक नियुक्त किए गए, तो इस पर भी आपत्ति जता दी गई। हाईकोर्ट ने अब आगामी 13 जुलाई को फिर से सरकार को तलब किया है और पूछा है कि प्रधानों की जगह प्रशासक कैसे नियुक्त कर दिए गए? अब सरकार कोर्ट में इसका जवाब दाखिल करेगी।'
सनातन और इस्लाम पर भी बोले राजभर
अंबेडकरनगर में बयान के दौरान ओम प्रकाश राजभर ने सनातन धर्म और इस्लाम को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सनातन भाईचारा, मेल-मिलाप और आपसी सद्भाव का संदेश देता है। जबकि इस्लाम नफरत सिखाता है।" राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव पहले केवल इस्लाम की राजनीति करते थे, लेकिन अब अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख सनातन की बात करने लगे हैं।
'अब गेंद हाईकोर्ट के पाले में'
पंचायत चुनाव कब होंगे, इस सवाल पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अब पूरा मामला न्यायालय के अधीन है। उन्होंने कहा कि पूरा प्रकरण अब माननीय न्यायालय के अधीन है, इसलिए 13 जुलाई को होने वाली सुनवाई बेहद अहम है। जैसा भी हाईकोर्ट निर्देश देगा, सरकार उसी के अनुसार आगे का निर्णय लेगी और कदम उठाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
