अयोध्या मेडिकल कॉलेज में छात्र के पास मिली बम बनाने की पर्ची, पूछताछ में सामने आई फिल्म वाली दलील, IB समेत कई एजेंसियां जांच में जुटीं

अयोध्या मेडिकल कॉलेज की एक्स-रे लैब से मिली एक पर्ची ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया। छात्र का दावा है कि उसने फिल्म देखते समय नोट्स बनाए थे, लेकिन पर्ची में लिखी बातें जांच एजेंसियों के लिए कई नए सवाल खड़े कर रही हैं। आखिर मामला क्या है और जांच किस दिशा में बढ़ रही है?

Aug 2, 2026 - 11:18
Aug 2, 2026 - 11:20
 0
अयोध्या मेडिकल कॉलेज में छात्र के पास मिली बम बनाने की पर्ची, पूछताछ में सामने आई फिल्म वाली दलील, IB समेत कई एजेंसियां जांच में जुटीं

अयोध्या के राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज की एक्स-रे लैब से मिली एक पर्ची ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड में ला दिया। पर्ची में कथित तौर पर बम बनाने की विधि, कई केमिकल फॉर्मूले, डायग्राम और बड़ा धमाका जैसे शब्द लिखे मिले। मामला सामने आते ही स्थानीय पुलिस के साथ एसओजी, एसटीएफ, स्पेशल ब्रांच और इंटेलिजेंस ब्यूरो भी सक्रिय हो गई। हालांकि, हिरासत में लिए गए छात्र ने पूछताछ में दावा किया कि उसने ड्यूटी के दौरान लैपटॉप पर फिल्म देखते समय उसमें दिखाए गए तरीके को केवल नोट किया था। फिलहाल एजेंसियां छात्र के इस दावे और बरामद पर्ची की हर पहलू से जांच कर रही हैं।

सफाई के दौरान मिली पर्ची
जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर निवासी सरफराज, राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में लैब टेक्नीशियन (पैरामेडिकल) प्रथम वर्ष का छात्र है। वह मेडिकल कॉलेज के पास एक हॉस्टल में रहता है और उसकी रात 10 बजे से सुबह 8 बजे तक एक्स-रे लैब में ड्यूटी रहती है। शुक्रवार की रात उसकी ड्यूटी अभिषेक और सुभाष नाम के दो अन्य छात्रों के साथ लगी थी। शनिवार सुबह ड्यूटी खत्म होने के बाद जब सफाईकर्मी एक्स-रे रूम की सफाई करने पहुंचे तो उन्हें एक संदिग्ध पर्ची मिली। पर्ची ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ को सौंपी गई। स्टाफ ने जब उसे देखा तो उसमें बम बनाने से जुड़े कथित नोट्स, केमिकल फॉर्मूले और अन्य तकनीकी जानकारी लिखी मिली। इसके बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दी।

पर्ची में क्या मिला?
जांच में बरामद पर्ची में कथित तौर पर बम बनाने की प्रक्रिया, विस्फोटक उपकरणों की संरचना, आकार, प्रभाव और कई रासायनिक फॉर्मूलों से जुड़े नोट्स पाए गए। साथ ही बड़ा धमाका और हालैंड हॉल जैसे शब्द भी लिखे होने की बात सामने आई है। यही वजह रही कि मामला सामान्य अनुशासनात्मक कार्रवाई तक सीमित नहीं रहा और सुरक्षा एजेंसियां भी जांच में शामिल हो गईं।

छात्र ने क्या कहा?
पुलिस पूछताछ में सरफराज ने बताया कि शुक्रवार रात उसे नींद नहीं आ रही थी। इसी दौरान वह अपने लैपटॉप पर भगत सिंह फिल्म देख रहा था। उसके मुताबिक फिल्म में बम बनाने का तरीका दिखाया गया था और उसने उसी को सीखने के उद्देश्य से पर्ची पर नोट करना शुरू किया। छात्र का कहना है कि नोट्स लिखते-लिखते उसे नींद आ गई और पर्ची वहीं छूट गई।

कई एजेंसियों ने संभाला मोर्चा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सरफराज को हिरासत में लेकर अयोध्या पुलिस लाइन पहुंचाया, जहां उससे एसओजी, एसटीएफ, स्पेशल ब्रांच और IB के अधिकारियों ने पूछताछ की। जांच एजेंसियां फिलहाल कई बिंदुओं पर जानकारी जुटा रही हैं, जिनमें प्रमुख सवाल हैं—

  • पर्ची में लिखे नोट्स किस स्रोत से तैयार किए गए?
  • क्या यह केवल फिल्म देखकर बनाए गए नोट्स हैं या किसी अन्य सामग्री का भी इस्तेमाल हुआ?
  • नोट्स तैयार करने का उद्देश्य क्या था?
  • पर्ची में लिखे तकनीकी विवरण कहां से जुटाए गए?

साथ ड्यूटी करने वाले छात्रों से भी पूछताछ
पुलिस ने सरफराज के साथ ड्यूटी कर रहे अभिषेक को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। वहीं तीसरा छात्र सुभाष, जो सुल्तानपुर का रहने वाला है, शनिवार सुबह अपने गांव चला गया था। आवश्यकता पड़ने पर उससे भी पूछताछ की जा सकती है।

रिपोर्ट- अनूप कुमार 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0