जिम से निकलते ही हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या, 18 राउंड फायरिंग, मां गोद में शव लेकर सड़क पर बैठीं
शामली में 32 साल के हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की जिम से निकलते ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने करीब 18 राउंड फायरिंग की, जिसमें 5 गोलियां अंकित के सिर और पेट समेत शरीर में लगीं। हत्या के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। अंकित की मां बेटे का शव गोद में लेकर सड़क पर बैठी रहीं। पुलिस CCTV फुटेज और पुराने विवाद समेत कई एंगल से जांच कर रही है।
बुधवार शाम शामली में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 32 वर्षीय अंकित आर्यपुरी नाला पटरी स्थित जिम से निकलकर अपनी स्कॉर्पियो के पास पहुंचे ही थे कि पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। करीब 2 मिनट तक हुई फायरिंग में 18 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है। अंकित के सिर और पेट समेत शरीर में 5 गोलियां लगीं। वह सड़क किनारे गिर पड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हत्या की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। अंकित की मां अमरेश बेटे का शव गोद में लेकर सड़क पर बैठ गईं। देर रात तक परिजन और ग्रामीण दिल्ली-मुजफ्फरनगर रोड पर जाम लगाए रहे। अधिकारियों के समझाने के बाद करीब रात 12 बजे जाम खुल सका। अंकित की हत्या की वजह अभी साफ नहीं है। पुलिस CCTV फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान में जुटी है।
जिम के बाहर पहले से इंतजार कर रहे थे हमलावर
अंकित बुधवार शाम करीब 4:15 से 4:30 बजे के बीच रोज की तरह जिम पहुंचे थे। करीब 7 बजे एक्सरसाइज के बाद वह बाहर निकले और अपनी स्कॉर्पियो के पास पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चार हमलावर पहले से वहां मौजूद थे। अंकित के बाहर आते ही उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि ड्राइविंग सीट की तरफ दीवार होने के कारण अंकित ने दूसरी तरफ से गाड़ी में जाने की कोशिश की। इसी दौरान हमलावरों ने स्कॉर्पियो का गेट खोल दिया और बेहद करीब से उन पर गोलियां बरसाईं। फायरिंग में गाड़ी के अगले शीशे पर भी गोलियों के निशान मिले। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी बिना नंबर प्लेट की बाइक से आए थे।
जिम संचालक बोला- बाहर निकलते ही गोलियां चलने लगीं
जिम संचालक रवि शर्मा ने बताया कि अंकित पिछले करीब एक साल से नियमित रूप से जिम आते थे। बुधवार को भी वह शाम करीब साढ़े चार बजे जिम पहुंचे थे। रवि शर्मा के मुताबिक, अंकित के जिम से बाहर निकलते ही गोलियों की आवाज आने लगी। जिम में मौजूद लोग बाहर पहुंचे तो अंकित घायल अवस्था में पड़े थे। उन्होंने बताया कि हमलावरों की संख्या करीब चार थी और उनके हाथों में पिस्टल थीं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हत्या के करीब एक घंटे पहले इंस्टाग्राम पर गाना किया था पोस्ट
अंकित बालियान की हत्या से करीब एक घंटे पहले की उनकी सोशल मीडिया पोस्ट भी अब चर्चा में है। शाम करीब 6 बजे उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह गाड़ी में बैठकर गाना गाते नजर आए। इस वीडियो में वह मर्डर मार दे सड़क के ऊपर गाना गा रहे थे। अंकित अक्सर गन कल्चर से जुड़े गाने बनाते थे। उनका भरी कोर्ट में गोली मारेंगे गाना 15 फरवरी 2023 को रिलीज हुआ था। इस गाने पर बैन भी लगाया गया था। इसके बाद वह हरियाणवी संगीत की दुनिया में चर्चा में आए। वर्ष 2023 में शामली में उनके रोड शो की भी काफी चर्चा हुई थी।
जिला पंचायत चुनाव की तैयारी की भी चर्चा
अंकित बालियान सिर्फ संगीत और सोशल मीडिया के कारण ही चर्चा में नहीं थे। बताया जा रहा है कि वह जिला पंचायत चुनाव की तैयारी भी कर रहे थे। उनका जन्म शामली में ही हुआ था। वह बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले थे और लंबे समय तक हरियाणा के सोनीपत में रहे। पिछले कुछ महीनों से वह अपने परिवार के साथ गांव में रह रहे थे। अंकित के पिता सतबीर रिटायर्ड फौजी हैं और मां अमरेश गृहिणी हैं। वह दो भाइयों में बड़े थे। छोटे भाई का नाम विक्की है। अंकित की शादी हो चुकी थी, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी।
बेटे का शव गोद में लेकर सड़क पर बैठीं मां
अंकित की हत्या के बाद परिवार का गुस्सा सड़क पर दिखाई दिया। परिजनों और ग्रामीणों ने दिल्ली-मुजफ्फरनगर रोड पर वर्मा मार्केट तिराहे के पास जाम लगा दिया। यह स्थान घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर है। अंकित के गांव से भी बड़ी संख्या में लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मौके पर पहुंचे। अंकित की मां अमरेश बेटे का सिर अपनी गोद में रखकर सड़क पर बैठी रहीं। वह लगातार रो रही थीं और बेटे के शव को देखकर कह रही थीं कि बोलो मत, मेरा बेटा सो रहा है। छोटे भाई विक्की ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि शामली में जगह-जगह चेकिंग होने के बावजूद बदमाश आए और 18 गोलियां मारकर आसानी से फरार हो गए। परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
आधी रात तक सड़क पर बैठी रही भीड़
मौके पर एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह समेत भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। मेरठ जोन के ADG भानु भास्कर और सहारनपुर रेंज के DIG अभिषेक सिंह भी शामली पहुंचे। भाजपा MLC वीरेंद्र गुर्जर और गठवाला खाप के थांबेदार बाबा श्याम सिंह ने भी अंकित के पिता सतबीर से बातचीत की। डीएम आलोक यादव ने भी परिजनों से बात कर धैर्य बनाए रखने की अपील की। करीब रात 12 बजे पुलिस ने अंकित के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। इसके बाद परिजन जाम खोलने के लिए तैयार हुए। अंकित का अंतिम संस्कार गुरुवार को किया जाना है।
चार थानों की फोर्स लगाई गई, CCTV खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी। वर्मा मार्केट तिराहे से करीब 50 मीटर पहले बैरियर लगाया गया। चार थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात की गई। पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कारतूस के खोखे भी बरामद किए हैं। हमलावरों की तलाश में पुलिस की टीमें हरियाणा के पानीपत, पंजाब और अन्य संभावित ठिकानों पर भेजी गई हैं। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
