प्लॉट और पैसों के विवाद में रची गई मौत की साजिश, शराब पिलाकर सिर में मारी गोली, फतेहपुर पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा
फतेहपुर में मिले युवक के शव का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि प्लॉट और पैसों के विवाद को लेकर पहले युवक को घर से बुलाया गया, फिर शराब पिलाकर उसकी हत्या कर दी गई। आखिर कैसे पुलिस आरोपियों तक पहुंची और क्या-क्या बरामद हुआ।
फतेहपुर के कोतवाली नगर क्षेत्र में 29 जुलाई को मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। शुरुआती जांच में जिस घटना को सामान्य हत्या माना जा रहा था, वह दरअसल पहले से रची गई एक सुनियोजित साजिश निकली। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात का मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह पैसों, प्लॉट और अन्य आर्थिक लेन-देन को लेकर चल रहा विवाद था। आरोप है कि इसी विवाद से छुटकारा पाने के लिए आरोपियों ने पूरी योजना बनाकर युवक को मौत के घाट उतार दिया।
बकंधा-भट्टा मार्ग पर मिला था शव
29 जुलाई को कोतवाली नगर क्षेत्र के बकंधा-भट्टा मार्ग पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मामले में मुकदमा दर्ज कर कई बिंदुओं पर छानबीन की गई। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे साक्ष्य मिले, जिनसे साफ हुआ कि हत्या अचानक नहीं, बल्कि पहले से बनाई गई साजिश के तहत की गई थी। साथ ही घटना के बाद सबूत मिटाने की भी कोशिश की गई थी।
मुखबिर की सूचना पर पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों शिवा लोधी, ईश लोधी, अनिल कुमार, मीना और श्यामा को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मुख्य आरोपी अक्षय उर्फ कृष्ण कुमार अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पूछताछ में सामने आई पूरी साजिश
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक लक्ष्मी उर्फ रामप्रकाश लगातार धनराशि, प्लॉट और अन्य आर्थिक लेन-देन को लेकर दबाव बना रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोप है कि 29 जुलाई को मृतक को घर से बुलाया गया। इसके बाद उसे अपने साथ ले जाकर शराब पिलाई गई। जब वह नशे की हालत में हो गया, तब शिवा लोधी ने पीछे से उसके सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हथियार, मोबाइल, बाइक और नकदी बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस, मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल और नकदी बरामद की है। बरामद सामान को पुलिस ने जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया है।
फरार मुख्य आरोपी की तलाश जारी
फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है। वहीं, मुख्य आरोपी अक्षय उर्फ कृष्ण कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रिपोर्ट-: रवि सिंह
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
