अतीक की कब्र के बगल में दफन होगा बेटा अबान, कब्र तैयार, जनाजे में 8 से 10 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद, भाइयों की पैरोल पर आज सुनवाई
प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान को आज दफनाया जाएगा। कब्र तैयार कर दी गई है। जनाजे में हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है। जेल में बंद दोनों भाइयों की पैरोल अर्जी पर भी आज सुनवाई हो सकती है।
प्रयागराज। माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान को शुक्रवार को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में उसके पिता अतीक अहमद की कब्र के बगल में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। इसके लिए कब्र तैयार कर दी गई है। बारिश की आशंका को देखते हुए कब्र के ऊपर टेंट लगाया गया है, ताकि उसमें पानी न भर सके। जनाजे में 8 से 10 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए कब्रिस्तान और आसपास के इलाके में 50 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। अबान का शव शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे झांसी से प्रयागराज के हटवा गांव स्थित उसके बुआ के घर पहुंचा। अतीक अहमद का मकान ध्वस्त होने के बाद परिवार के सदस्य इसी घर में रह रहे थे। शव पहुंचने के बाद परिजनों में मातम छा गया और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जुमे की नमाज के बाद दोपहर करीब एक बजे अबान को सुपुर्द-ए-खाक किया जाना है। हालांकि अंतिम समय तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जेल में बंद उसके दोनों भाई जनाजे में शामिल हो पाएंगे या नहीं।
पैरोल अर्जी पर आज सुनवाई संभव
अबान के बड़े भाई मोहम्मद उमर लखनऊ जेल में बंद हैं, जबकि अली अहमद झांसी जेल में बंद है। दोनों भाइयों को जनाजे में शामिल होने की अनुमति दिलाने के लिए हाईकोर्ट में पैरोल अर्जी दाखिल की गई है। परिवार के वकील के अनुसार पैरोल अर्जी पर दोपहर करीब 12 बजे सुनवाई हो सकती है। यदि अदालत अनुमति देती है तो दोनों भाइयों को प्रयागराज लाया जाएगा। लखनऊ और झांसी से प्रयागराज पहुंचने में करीब 5 से 6 घंटे का समय लगेगा। ऐसे में अनुमति मिलने की स्थिति में अंतिम संस्कार का समय आगे बढ़ सकता है।
शाइस्ता परवीन को लेकर भी बनी हुई है चर्चा
अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन वर्ष 2023 से फरार हैं। वह इससे पहले पति अतीक अहमद और बेटे असद के जनाजे में भी शामिल नहीं हुई थीं। ऐसे में अबान के अंतिम संस्कार में उनके शामिल होने को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। हालांकि इसे लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सड़क हादसे में हुई थी अबान की मौत
अबान की गुरुवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वह चार दोस्तों के साथ क्रेटा कार से प्रयागराज से झांसी जा रहा था। उसका उद्देश्य झांसी जेल में बंद अपने भाई अली से मुलाकात करना था। झांसी से करीब 70 किलोमीटर पहले हाईवे पर अचानक एक जानवर सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य साथी घायल हो गए। घायलों में मोहम्मद जैद, उमर अहमद और फारुख अहजम शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को झांसी से प्रयागराज रेफर किया गया है।
एक ही एंबुलेंस से प्रयागराज पहुंचे दोनों शव
अबान और उसके दोस्त सोनू के शव एक ही एंबुलेंस से झांसी से प्रयागराज लाए गए। अबान को कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा, जबकि सोनू का अंतिम संस्कार हटवा गांव के कब्रिस्तान में होगा। अबान का शव लेने झांसी पहुंचे बड़े भाई अहजम ने भाई मौत पर कहा कि अल्लाह की चीज थी, अल्लाह ने ले ली। वर्ष 2023 में जब अबान के बड़े भाई असद की एनकाउंटर में मौत हुई थी, तब अतीक अहमद के भाई अशरफ ने भी यही बात कही थी।
अतीक परिवार का खानदानी कब्रिस्तान
प्रयागराज का कसारी-मसारी कब्रिस्तान अतीक परिवार का खानदानी कब्रिस्तान है। यहां पहले से अतीक अहमद, उसके पिता फिरोज, भाई अशरफ और बेटे असद की कब्रें मौजूद हैं। अब इसी कब्रिस्तान में अतीक के छोटे बेटे अबान को भी दफनाया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
