कानपुर में ट्रेनिंग विमान हुआ क्रैश, पायलट और ट्रेनी की हुई मौत, उड़ान के 20 मिनट बाद गंगा बैराज के पास गिरा प्लेन
कानपुर में गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर का चार-सीटर ट्रेनिंग विमान उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद गंगा बैराज के पास क्रैश हो गया। हादसे में गुजरात निवासी पायलट इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और कर्नाटक निवासी ट्रेनी अभिषेक पुजारी की मौत हो गई। विमान हवा में डगमगाने के बाद पेड़ों से टकराकर नीचे गिरा और तेज धमाका हुआ। आखिर 3000 घंटे के अनुभव वाले पायलट के साथ यह हादसा कैसे हुआ, अब DGCA इसकी जांच करेगी।
कानपुर में गुरुवार सुबह एक ट्रेनिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान उड़ा रहे इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी की मौत हो गई। विमान चकेरी स्थित गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद गंगा बैराज के पास नत्थापुरवा गांव में क्रैश हुआ। हादसे के वक्त विमान हवा में डगमगाने लगा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान करीब 100 फीट की ऊंचाई पर था। संतुलन बिगड़ने के बाद वह पेड़ों से टकराता हुआ नीचे गिर गया। जमीन पर गिरते ही तेज धमाका हुआ और विमान क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में गुजरात निवासी पायलट इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और कर्नाटक निवासी ट्रेनी अभिषेक पुजारी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उड़ान भरने के 20 मिनट के अंदर हुआ हादसा
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक, टेक्नम कंपनी के चार-सीटर विमान ने चकेरी स्थित गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से सुबह करीब 11:30 बजे उड़ान भरी थी। करीब 20 मिनट बाद सुबह 11:50 बजे विमान नत्थापुरवा गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटनास्थल ट्रेनिंग सेंटर से करीब 39 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर करीब 12:15 बजे पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षित किया गया।
मलबे के पास मिले दोनों घायल
हादसे से जुड़े वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है। कॉकपिट के पास एक व्यक्ति फंसा हुआ दिखाई दिया, जबकि दूसरा विमान से कुछ दूरी पर गंभीर हालत में पड़ा था। विमान की सीट भी टूटकर बाहर जा गिरी थी। पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने पायलट इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और ट्रेनी अभिषेक पुजारी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों विमान से बाहर निकल नहीं पाए।
पायलट के पास था 3000 घंटे का उड़ान अनुभव
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि विमान उड़ा रहे इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया के पास करीब 3000 घंटे का फ्लाइंग अनुभव था। हादसे के कारणों की जांच के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी DGCA को जानकारी दे दी गई है। DGCA की टीम अब विमान दुर्घटना के तकनीकी कारणों की जांच करेगी। पुलिस ने दुर्घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया है और मलबे के आसपास किसी को जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
2023 में ट्रेनिंग के लिए लाया गया था विमान
दुर्घटनाग्रस्त विमान टेक्नम कंपनी का चार-सीटर एयरक्राफ्ट बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, इसे वर्ष 2023 में ट्रेनिंग के उद्देश्य से लाया गया था। यह विमान कानपुर की गर्ग एविएशन फ्लाइंग ट्रेनिंग एकेडमी का था। एकेडमी में 100 से अधिक युवक और युवतियां पायलट ट्रेनिंग ले रहे हैं। यहां सिंगल इंजन और ट्विन इंजन, दोनों तरह के विमान मौजूद हैं। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद अनुभवी इंस्ट्रक्टर के नियंत्रण में मौजूद विमान का संतुलन अचानक कैसे बिगड़ गया। विमान में कोई तकनीकी खराबी आई या हादसे के पीछे कोई दूसरी वजह थी, इसका जवाब अब DGCA की जांच के बाद सामने आएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
