लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने महिलाओं और छात्राओं को लेकर बड़े वादों की घोषणा की है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर हर 12वीं पास बेटी को लैपटॉप दिया जाएगा। इसके साथ ही महिलाओं को स्त्री सम्मान समृद्धि योजना के तहत हर साल 40 हजार रुपए दिए जाएंगे। अखिलेश ने यह भी कहा कि सपा सरकार बनने पर बंद किए गए 26 हजार स्कूलों को दोबारा खोला जाएगा और पहले की तरह छात्राओं को साइकिल देने की योजना भी शुरू की जाएगी। लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी योजनाओं और राजनीतिक प्लानिंग की जानकारी पहले ही सरकार तक पहुंच रही है। उन्होंने बुजुर्ग महिलाओं के लिए शुरू की गई लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें अपने कार्यालय को पूरी तरह सुरक्षित रखना होगा, क्योंकि उनकी योजनाओं की जानकारी लीक होकर सरकार तक पहुंच रही है।
12वीं पास बेटियों को लैपटॉप देने का ऐलान
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर प्रदेश की हर 12वीं पास बेटी को लैपटॉप दिया जाएगा। उन्होंने अपनी पिछली सरकार के दौरान बांटे गए लैपटॉप का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय दिए गए कई लैपटॉप आज भी चल रहे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार द्वारा टैबलेट वितरण पर भी सवाल उठाए और कहा कि सपा सरकार ने शिक्षा और तकनीक को आगे बढ़ाने के लिए लैपटॉप वितरण की योजना शुरू की थी। अखिलेश ने कहा कि सरकार बनने पर महिलाओं की आर्थिक सहायता से जुड़ी स्त्री सम्मान समृद्धि योजना को और मजबूत किया जाएगा।
महिलाओं को हर साल देंगे 40 हजार रुपए
सपा प्रमुख ने कहा कि स्त्री सम्मान समृद्धि योजना के तहत महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस राशि को और बढ़ाने का भी प्रयास किया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अखिलेश ने 1090 महिला हेल्पलाइन का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 1090 सेवा समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान शुरू की गई थी और उस समय महिलाओं की सुरक्षा को लेकर किसी तरह का समझौता नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद भी महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं होगा।
26 हजार स्कूल खोलने का दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि बंद किए गए 26 हजार स्कूलों को दोबारा खोला जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश में छात्राओं के लिए साइकिल वितरण की योजना को भी फिर से शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान साइकिल और लैपटॉप जैसी योजनाओं के जरिए छात्रों और छात्राओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया गया था। अखिलेश ने यह भी कहा कि भविष्य में प्राइमरी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को वर्ल्ड क्लास बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
बोले- हमारी प्लानिंग की जानकारी सरकार तक पहुंच रही
अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक अलग अंदाज में सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि सपा को अब अपने कार्यालय को पूरी तरह सुरक्षित रखना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कुछ योजनाओं की प्लानिंग करती है और उसकी जानकारी किसी तरह सरकार तक पहुंच जाती है। अखिलेश ने बुजुर्ग महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा से जुड़ी योजना का जिक्र करते हुए इसे इसी से जोड़कर देखा। उन्होंने कहा कि इसी कारण उनकी योजनाओं और सरकार की घोषणाओं में समानता दिखाई देने लगी है।
महिला आरक्षण लागू करने की मांग
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नारी सम्मान और महिला सशक्तिकरण की बात करती है, लेकिन महिला आरक्षण कानून लागू करने में देरी कर रही है। उन्होंने मांग की कि आगामी चुनाव में ही महिला आरक्षण लागू किया जाए। अखिलेश ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी अगले चुनाव में भाजपा की तुलना में अधिक महिलाओं को टिकट देने का प्रयास करेगी।
हिजाब विवाद पर भी बोले अखिलेश
अखिलेश यादव ने हिजाब विवाद को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों के पहनावे को लेकर भी सवाल खड़े करती है और यह तय करने की कोशिश करती है कि कौन क्या पहन सकता है। पीडीए के मुद्दे पर अखिलेश ने अपने अंदाज में कहा कि पीडीए का नारा लोगों को जोड़ने वाला है। उन्होंने पीडीए को लेकर प्रोस्टेट और पेट में दर्द से जुड़ा शब्दों का खेल भी किया।