मुरादाबाद नगर सीट पर बढ़ी सियासी हलचल, आजम खान की मुंह बोली बेटी एकता कौशिक की एंट्री से नए संकेत
आज़म खान की दत्तक पुत्री एकता कौशिक ने 2027 के चुनावों से पहले मुरादाबाद की राजनीति में प्रवेश किया है, जिससे काफी राजनीतिक हलचल मच गई है।
मुरादाबाद की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी गतिविधियां बढ़ती नजर आ रही हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की मुंह बोली बेटी एकता कौशिक की एंट्री ने नगर विधानसभा सीट पर नई चर्चा छेड़ दी है। 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी को चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले चुनाव में पार्टी नई रणनीति के साथ मैदान में उतर सकती है।
अंबेडकर जयंती कार्यक्रम से शुरू हुई चर्चा
14 अप्रैल को डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर शहर में कई कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें एकता कौशिक की मौजूदगी ने सभी का ध्यान खींचा। उनके इस कार्यक्रम में शामिल होने को सिर्फ एक सामान्य उपस्थिति नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। इसके बाद से नगर विधानसभा सीट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
नगर विधानसभा सीट पर सपा की रणनीति में बदलाव के संकेत
मुरादाबाद नगर विधानसभा सीट (28) पर समाजवादी पार्टी को पिछले दो चुनावों में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में पार्टी इस सीट को किसी भी कीमत पर वापस जीतना चाहती है। यही वजह है कि इस बार सपा नए चेहरे और नई रणनीति पर विचार कर रही है। चर्चा है कि पार्टी इस बार किसी मुस्लिम चेहरे के बजाय हिंदू उम्मीदवार पर दांव लगा सकती है, और एकता कौशिक की एंट्री इस दिशा में बड़ा संकेत मानी जा रही है।
आजम खान का प्रभाव अब भी कायम
हालांकि आजम खान इस समय जेल में हैं, लेकिन मुरादाबाद की राजनीति में उनका प्रभाव अब भी मजबूत बना हुआ है। इसका उदाहरण 2024 लोकसभा चुनाव में भी देखने को मिला, जब पूर्व सांसद एसटी हसन का टिकट काटकर रूचि वीरा को उम्मीदवार बनाया गया था। अब एकता कौशिक को उनकी मुंह बोली बेटी होने का फायदा मिल सकता है, जो उनकी सबसे बड़ी सियासी ताकत मानी जा रही है।
लोगों के बीच पहचान बनाने की कोशिश
एकता कौशिक की मुरादाबाद में सक्रियता यह संकेत देती है कि वह लगातार लोगों के बीच रहकर अपनी पहचान बनाना चाहती हैं। वह क्षेत्र के समीकरण को समझने और जनता से जुड़ने की कोशिश कर रही हैं। उनकी इस सक्रियता से साफ है कि आने वाले समय में नगर विधानसभा सीट पर मुकाबला दिलचस्प हो सकता है।
(रिपोर्टःसुशील कुमार सिंह, मुरादाबाद)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
