UGC कानून और शंकराचार्य विवाद पर बोले PCS अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री, एटा में मिला सवर्ण समाज का समर्थन

निलंबित पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री एटा पहुंचे और यूजीसी कानून, शंकराचार्य विवाद और प्रयागराज मेला घटना पर खुलकर अपनी राय रखी। पूरी खबर पढ़ें।

Jan 29, 2026 - 16:10
Jan 29, 2026 - 16:23
 0  5
UGC कानून और शंकराचार्य विवाद पर बोले PCS अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री, एटा में मिला सवर्ण समाज का समर्थन

देशभर में इस समय UGC कानून और शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़ा विवाद लगातार चर्चा में बना हुआ है। इसी मुद्दे को लेकर बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट रहे PCS अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने सेवा से त्यागपत्र दे दिया था, जिसके बाद उन्हें निलंबित भी कर दिया गया। शनिवार को अलंकार अग्निहोत्री एटा जिले पहुंचे, जहां सवर्ण समाज के सैकड़ों लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और खुलकर समर्थन दिया। इस दौरान उन्होंने UGC कानून, प्रयागराज माघ मेले की घटना और अपने निलंबन को लेकर गंभीर आरोप लगाए।

एटा पहुंचने पर हुआ जोरदार स्वागत
एटा जिले में अलंकार अग्निहोत्री के पहुंचते ही सवर्ण समाज के लोगों ने उनका सम्मान किया। लोगों ने कहा कि उन्होंने समाज की आवाज उठाने का साहसिक कदम उठाया है। स्वागत कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने उनके समर्थन में नारे भी लगाए और उनके फैसले को सही ठहराया।

UGC कानून को बताया भेदभावपूर्ण
पत्रकारों से बातचीत में अलंकार अग्निहोत्री ने UGC कानून पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस कानून में कुछ ऐसे प्रावधान हैं, जो सामान्य वर्ग के लोगों के साथ भेदभाव करते हैं। उनका आरोप है कि इस कानून में सामान्य वर्ग को स्वघोषित अपराधी की तरह देखा गया है, जिससे उनके बेटे-बेटियों का शोषण हो सकता है।

छात्रों के शोषण और आत्महत्या की आशंका
अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि अगर कोई छात्र पढ़ाई में होशियार है, तो उस पर निराधार आरोप लगाकर समता समिति के सामने पेश किया जा सकता है। इससे शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न की आशंका रहती है। उन्होंने यहां तक कहा कि इस तरह के दबाव में आकर बच्चे आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर हो सकते हैं। उनके अनुसार, जब दो वर्गों को आपस में लड़ाया जाता है तो नुकसान सभी का होता है।

शिक्षा का उद्देश्य जातियों में बंटवारा नहीं
उन्होंने कहा कि कॉलेज और यूनिवर्सिटी में छात्र शिक्षा और संस्कार सीखने जाते हैं, न कि जाति और उपजातियों में बंटने। अलंकार ने जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें न तो कानून की सही जानकारी होती है और न ही धाराओं की समझ।

साजिश और निलंबन पर बड़ा आरोप
अलकार अग्निहोत्री ने दावा किया कि उनका फोन सर्विलांस पर है और उन्हें पुराने मामलों में फंसाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि बजरंगबली की कृपा से एक साजिश विफल हो गई, जिसके बाद जल्दबाजी में उन्हें असंवैधानिक तरीके से निलंबित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि इसके खिलाफ वह सुप्रीम कोर्ट जाएंगे।

प्रयागराज मेले की घटना पर सवाल
प्रयागराज माघ मेले में शंकराचार्य और उनके बटुक शिष्यों के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार पर उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एक बटुक ब्राह्मण की चोटी खींचकर जमीन पर घसीटा गया और पीटा गया। उन्होंने सवाल किया कि क्या किसी अन्य धर्मगुरु के साथ ऐसा किया जा सकता है।

शंकराचार्य से मिलने की बात
PCS अधिकारी ने बताया कि शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने उन्हें आमंत्रित किया है। फिलहाल कार्यक्रमों की व्यस्तता के कारण मुलाकात नहीं हो सकी है, लेकिन समय निकालकर उनसे जरूर मिलेंगे। शंकराचार्य इस समय प्रयागराज से बनारस चले गए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।