Forgive Us लिखकर दे दी जान… बड़ी बहन की तेरहवीं पर काशी में होटल में मिले हैदराबाद के भाई-बहन के शव

हैदराबाद के भाई-बहन वाराणसी के एक होटल के कमरे में मृत पाए गए। पुलिस को आत्महत्या का संदेह है। उन्हें दवाइयां, नकदी और एक नोट मिला है जिस पर "हमें माफ कर दो" और "माफी मांगो" लिखा है। जांच जारी है।

Feb 11, 2026 - 10:09
 0
Forgive Us लिखकर दे दी जान… बड़ी बहन की तेरहवीं पर काशी में होटल में मिले हैदराबाद के भाई-बहन के शव

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। हैदराबाद से आए भाई-बहन की एक होटल के कमरे में लाश मिली है। मृतकों की पहचान 46 वर्षीय गणेश गौड़ और उनकी 38 वर्षीय बहन धनलक्ष्मी के रूप में हुई है। दोनों 8 फरवरी को अपनी बड़ी बहन की अस्थियां लेकर वाराणसी पहुंचे थे। वे कैंट बस स्टेशन के पास स्थित एक होटल के कमरा नंबर 2005 में ठहरे हुए थे। 10 फरवरी को बड़ी बहन की तेरहवीं थी और उसी दिन उन्हें होटल से चेक आउट भी करना था।

कमरे से नहीं मिली कोई प्रतिक्रिया
योजना के अनुसार चेक आउट से पहले गंगा में अस्थि विसर्जन और विधि-विधान से पूजा-पाठ किया जाना था। लेकिन तय समय तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई। दोपहर तक जब दोनों बाहर नहीं निकले और फोन कॉल का जवाब भी नहीं दिया, तो होटल कर्मचारियों को चिंता हुई। कई बार कॉल करने के बाद भी प्रतिक्रिया न मिलने पर सिगरा थाना पुलिस को सूचना दी गई।

कमरे का दृश्य देख चौंकी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराते हुए कमरे का दरवाजा खोला गया। कमरे में दो सिंगल बेड व्यवस्थित थे, जबकि फर्श पर बिछे बिस्तर पर दोनों के शव पड़े मिले। धनलक्ष्मी के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे जहरीले पदार्थ या अधिक दवाइयों के सेवन की आशंका जताई जा रही है। कमरे की टेबल पर पानी की बोतल, कई तरह की गोलियां और दवाइयों के पत्ते बिखरे मिले।

सुसाइड नोट और जांच के पहलू
पुलिस को कमरे से भारी मात्रा में दवाइयां, छह लाख रुपये से अधिक नकद और कुछ एटीएम कार्ड भी मिले हैं। एक कागज पर अंग्रेजी में Forgive Us और Sorry लिखा मिला, जिसे पुलिस अहम सुराग मान रही है। पुलिस उपायुक्त गौरव बंशवाल ने बताया कि पहली नजर में मामला आत्महत्या का लगता है, लेकिन सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। दोनों के आधार कार्ड पर हैदराबाद का पता दर्ज है और वहां के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। गौरतलब है कि काशी में पहले भी आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से आए लोगों के आत्महत्या के मामले सामने आ चुके हैं, जिन्हें मोक्ष की मान्यता से जोड़ा गया था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। वे राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में उन्हें 2 वर्ष का अनुभव है। उन्होंने रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव रखते हैं। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से वे यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़े हैं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। उनकी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान वे कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुके हैं।