फिल्म ‘स्पिरिट’ से जुड़े नए विवाद, प्रकाश राज के अलग होने की चर्चा ने बढ़ाई मेकर्स की मुश्किल
खबरों के मुताबिक, अभिनेता प्रकाश राज ने संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म 'स्पिरिट' की शूटिंग के दौरान रचनात्मक मतभेदों के चलते फिल्म छोड़ दी है। प्रभास अभिनीत यह फिल्म 2027 में रिलीज होने वाली है।
संदीप रेड्डी वांगा की अपकमिंग फिल्म ‘स्पिरिट’ लगातार चर्चा में बनी हुई है। तेलुगु सुपरस्टार प्रभास की इस मेगा बजट फिल्म को लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं। हाल ही में फिल्म का दमदार पोस्टर सामने आया था, जिसने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं। इससे पहले अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के फिल्म छोड़ने की खबर ने सबको चौंका दिया था। अब इसी बीच खबर आ रही है कि दिग्गज अभिनेता प्रकाश राज ने भी शूटिंग के दौरान ही फिल्म से दूरी बना ली है। इस नई चर्चा के बाद फिल्म की टीम के सामने एक और बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
शूटिंग के दौरान हुआ विवाद
ओटीटी प्ले की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रभास स्टारर ‘स्पिरिट’ की शूटिंग हैदराबाद में चल रही थी। इसी दौरान एक सीन को लेकर निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा और प्रकाश राज के बीच बहस हो गई। बताया जा रहा है कि यह विवाद फिल्म की स्क्रिप्ट और एक खास सीन को लेकर शुरू हुआ। शुरुआत में यह सिर्फ क्रिएटिव डिफरेंस तक सीमित था, लेकिन धीरे-धीरे बात बढ़ गई और सेट पर तनाव का माहौल बन गया। हालात इतने बिगड़ गए कि प्रकाश राज ने शूटिंग के बीच ही फिल्म छोड़ने का फैसला कर लिया।
क्रिएटिव डिफरेंस और व्यवहार को लेकर मतभेद
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि प्रकाश राज और संदीप रेड्डी वांगा के बीच केवल स्क्रिप्ट को लेकर ही नहीं, बल्कि व्यवहार को लेकर भी मतभेद थे। ये बातें प्रोडक्शन टीम को भी पसंद नहीं आईं। इन्हीं कारणों से आखिरकार प्रकाश राज ने खुद को इस प्रोजेक्ट से अलग कर लिया। हालांकि, अभी तक न तो फिल्म के मेकर्स और न ही प्रकाश राज की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने आया है।
फैंस में बढ़ी उत्सुकता
फिल्म से लगातार कलाकारों के अलग होने की खबरों के बीच फैंस यह जानना चाहते हैं कि अब प्रकाश राज की जगह कौन सा अभिनेता लिया जाएगा। न्यू ईयर पर जारी किए गए फिल्म के पहले पोस्टर में प्रभास और तृप्ति डिमरी नजर आए थे। इस पोस्टर में तृप्ति डिमरी ने दीपिका पादुकोण को रिप्लेस किया है। फिल्म में विवेक ओबेरॉय भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
कब रिलीज होगी ‘स्पिरिट’
‘स्पिरिट’ को पांच भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। यह फिल्म 5 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिलहाल, लगातार आ रही खबरों के बीच दर्शकों की नजर फिल्म से जुड़े अगले अपडेट पर टिकी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0