चैत्र नवरात्रि 2026: 19 मार्च से होगी शुरुआत, जानिए कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त और पूरा कैलेंडर
चैत्र नवरात्रि 2026 का शुभारंभ 19 मार्च से होगा और समापन 27 मार्च को होगा। कलश स्थापना मुहूर्त, नौ दिनों का संपूर्ण कैलेंडर और देवी पूजा संबंधी विवरण देखें।
होली के बाद हिंदू धर्म का अगला बड़ा पर्व चैत्र नवरात्रि होता है, जिसका भक्तों को पूरे साल इंतजार रहता है। यह पर्व चैत्र महीने के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से शुरू होता है। नवरात्रि के दौरान भक्त मां दुर्गा के नौ अलग-अलग स्वरूपों की श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा करते हैं। इस पर्व की शुरुआत कलश स्थापना से होती है और समापन राम नवमी के दिन होता है। खास बात यह है कि चैत्र नवरात्रि के पहले दिन ही युगादी और गुड़ी पड़वा का त्योहार भी मनाया जाता है, जिससे इस दिन का धार्मिक महत्व और बढ़ जाता है।
कब से कब तक रहेगी चैत्र नवरात्रि 2026
साल 2026 में चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व 19 मार्च से शुरू होकर 27 मार्च तक चलेगा। इस बार पूरे नौ दिन की नवरात्रि रहेगी, यानी नवरात्रि घटेगी नहीं। पूरे नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी और भक्त व्रत रखेंगे।
कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त और तिथि
चैत्र नवरात्रि की शुरुआत कलश स्थापना, जिसे घटस्थापना भी कहा जाता है, से होती है। वर्ष 2026 में कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त 19 मार्च की सुबह 06:52 से 07:43 बजे तक रहेगा। इसके अलावा अभिजित मुहूर्त दोपहर 12:05 से 12:53 बजे तक रहेगा। प्रतिपदा तिथि का आरंभ 19 मार्च 2026 को सुबह 06:52 बजे होगा और इसका समापन 20 मार्च को सुबह 04:52 बजे होगा। इस दिन मीन लग्न सुबह 06:26 से 07:43 बजे तक रहेगा, जिसे पूजा के लिए विशेष शुभ माना गया है।
नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा
चैत्र नवरात्रि के पहले दिन 19 मार्च को मां शैलपुत्री की पूजा की जाएगी। दूसरे दिन 20 मार्च को मां ब्रह्मचारिणी, तीसरे दिन 21 मार्च को मां चंद्रघंटा और चौथे दिन 22 मार्च को मां कुष्माण्डा की आराधना होगी। पांचवें दिन 23 मार्च को मां स्कंदमाता, छठे दिन 24 मार्च को मां कात्यायनी, सातवें दिन 25 मार्च को मां कालरात्रि की पूजा की जाएगी। आठवें दिन 26 मार्च को मां महागौरी और नौवें दिन 27 मार्च को मां सिद्धिदात्री की पूजा के साथ नवरात्रि का समापन होगा। इसी दिन राम नवमी भी मनाई जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0