जेठानी के 14 तोले गहने उड़ाए, बोली- भिखारियों ने लूटा… ऐसे खुली देवरानी की चोरी की पूरी कहानी
बिजनौर में एक महिला ने अपनी भाभी से 14 तोला सोने के गहने चुरा लिए और भिखारियों पर चोरी का झूठा आरोप लगा दिया। पुलिस ने आरोपी महिला को उसकी मां और भाई के साथ गिरफ्तार कर लिया।
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। यहां एक देवरानी ने अपनी ही जेठानी की अलमारी से करीब 14 तोले सोने के जेवर चोरी कर लिए और लूट की झूठी कहानी बना दी। उसने आरोप लगाया कि भीख मांगने आए एक पुरुष और एक महिला ने चाकू की नोक पर लूटपाट की। लेकिन पुलिस की जांच में पूरा मामला झूठा निकला। पुलिस ने आरोपी देवरानी शिवानी, उसकी मां संजो देवी और भाई पंकज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
चाकू की नोक पर लूट की बनाई कहानी
यह मामला हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के मंडोरा जट गांव का है। 7 फरवरी को गांव निवासी योगेंद्र सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि सुबह करीब नौ बजे उनकी पुत्रवधु शिवानी घर में अकेली थी। उसी समय भीख मांगने के बहाने एक पुरुष और एक महिला घर में घुसे और चाकू दिखाकर लूटपाट की। शिवानी ने बताया कि आरोपियों ने उसकी गर्दन पर चाकू से वार किया और दूसरी मंजिल पर स्थित जेठ-जेठानी के कमरे से जेवर लेकर फरार हो गए। उस समय उसके ससुर खेत पर थे, पति अमित अपनी बहन को परीक्षा दिलाने मुरादाबाद गए थे, जबकि जेठ सुमित सेना में तैनात हैं और जेठानी आरती उनके साथ रहती हैं।
जांच में सामने आया सच
सूचना मिलते ही एसपी अभिषेक झा, एडिशनल एसपी प्रकाश कुमार और सीओ चांदपुर देश दीपक सिंह मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पुलिस को कई बातें संदिग्ध लगीं। पूरे घर में केवल जेठ-जेठानी के कमरे की अलमारी का ताला टूटा था, जबकि शिवानी के कमरे से कुछ नहीं गया था। उसकी गर्दन पर चोट भी बहुत मामूली थी। आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति को आते-जाते नहीं देखा गया और मुख्य गेट के सीसीटीवी में भी कोई फुटेज नहीं मिला।
कॉल डिटेल से खुली पोल
पुलिस ने जब शिवानी के मोबाइल की कॉल डिटेल निकाली तो सच्चाई सामने आ गई। 4 से 7 फरवरी के बीच उसने अपने भाई पंकज और मां संजो देवी से करीब 20 बार लंबी बातचीत की थी। सख्ती से पूछताछ में उसने कबूल किया कि 4 फरवरी को ही उसने अलमारी का ताला तोड़कर जेवर निकाल लिए थे और भाई को दे दिए थे। पंकज और संजो देवी ने जेवर पॉलिथीन में भरकर गन्ने के खेत में दबा दिए थे। शिवानी ने बताया कि भाई की शादी के लिए जेवर जुटाने के मकसद से यह साजिश रची गई थी। पुलिस ने खेत से सभी 14 तोले सोने के जेवर बरामद कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0