40 मुकदमों का मास्टरमाइंड, लूट-हत्या और डकैती में वांछित 50 हजार का इनामी अमजद मुजफ्फरनगर एनकाउंटर में ढेर
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पुलिस ने बुढाना मुठभेड़ में 50,000 रुपये के इनाम वाले अपराधी अमजद को मार गिराया। दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। हथियार और लूटे गए गहने बरामद किए गए। जांच अभी जारी है।
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में देर रात पुलिस और कुख्यात अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश अमजद मारा गया। बुढाना कोतवाली क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान दोनों ओर से जमकर फायरिंग हुई। मुठभेड़ में अमजद गंभीर रूप से घायल हुआ और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, सब इंस्पेक्टर संदीप और सिपाही अशफाक भी गोली लगने से घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके से हथियार, कारतूस और लूट का सामान बरामद किया है। पूरे मामले की जांच जारी है।
जंगल में घेराबंदी, आमना-सामना होते ही चली गोलियां
पुलिस को सूचना मिली थी कि 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी अमजद अपने साथियों के साथ क्षेत्र में देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई। विज्ञान रोड के पास जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की गई। इसी दौरान पुलिस और बदमाशों का आमना-सामना हो गया। दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। मुठभेड़ के दौरान अमजद पुलिस की गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
दो पुलिसकर्मी घायल, अस्पताल में भर्ती
बदमाशों की फायरिंग में सब इंस्पेक्टर संदीप और सिपाही अशफाक भी घायल हो गए। गोलीबारी के बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। अमजद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढाना में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
भारी मात्रा में हथियार और लूट का सामान बरामद
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने 9 एमएम की कार्बाइन, एक पिस्टल, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, बड़ी संख्या में कारतूस, कुछ दस्तावेज, लूट की ज्वेलरी और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। अधिकारियों के अनुसार, अमजद पर करीब 40 मामले दर्ज थे। इनमें लूट, हत्या, डकैती और अपहरण जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तराखंड में भी केस दर्ज थे।
पुलिस वाहन पर भी चली गोलियां
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि देर रात मिले इनपुट के आधार पर एसपी आरए और सीओ बुढाना के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। क्रॉस फायरिंग के दौरान पुलिस की गाड़ी पर भी गोलियां लगीं और शीशे टूट गए। अधिकारियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियों के निशान मिले हैं।
50 हजार का इनामी था अमजद
एसएसपी के मुताबिक, अमजद की उम्र लगभग 35-36 वर्ष थी और वह लंबे समय से वांछित था। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने बरामद सामान कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पूरे मामले की जांच जारी है।
(रिपोर्ट: संदीप शुक्ला)
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
1
