करेला अब नहीं लगेगा कड़वा, इन आसान तरीकों से बनाएं खट्टी-मीठी और स्वादिष्ट सब्जी

करेले की कड़वाहट दूर करने और घर पर ही साधारण सामग्रियों से मीठी और खट्टी करेले की सब्जी बनाने के आसान तरीके।

Feb 11, 2026 - 15:28
 0
करेला अब नहीं लगेगा कड़वा, इन आसान तरीकों से बनाएं खट्टी-मीठी और स्वादिष्ट सब्जी

करेला सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। डॉक्टर भी इसे खाने की सलाह देते हैं, क्योंकि यह शरीर को कई बीमारियों से बचाने में मदद करता है। लेकिन इसकी कड़वाहट के कारण बच्चे ही नहीं, बड़े भी इसे खाने से कतराते हैं। करेला का नाम सुनते ही लोग मुंह बना लेते हैं। हालांकि अगर इसे सही तरीके से बनाया जाए तो इसकी सब्जी कड़वी नहीं बल्कि खट्टी-मीठी और स्वादिष्ट बन सकती है। बस जरूरत है इसे पकाने से पहले इसकी कड़वाहट को कम करने की। आइए जानते हैं करेला बनाने का आसान और स्वाद बढ़ाने वाला तरीका।

सबसे पहले ऐसे दूर करें करेले की कड़वाहट
करेला की सब्जी बनाने से पहले इसकी कड़वाहट निकालना जरूरी है। इसके लिए सबसे पहले करेले को अच्छी तरह धो लें और हल्का छील लें। इसके बाद उस पर अच्छे से नमक लगाकर करीब 10 मिनट के लिए रख दें। फिर करेले को पानी से धो लें। इस तरीके से करेले की काफी कड़वाहट निकल जाती है। दादी-नानी भी आज तक इसी घरेलू नुस्खे से करेला बनाती आई हैं।

सब्जी बनाने की तैयारी ऐसे करें
छिले हुए करेले को लंबे या गोल आकार में काट लें। अगर आप गोल टुकड़े करेंगे तो बीज निकालने की जरूरत नहीं पड़ेगी और कच्चे बीज का स्वाद भी अच्छा लगता है। अब दो मध्यम आकार के प्याज को लंबा और मोटा काट लें। 3-4 कली लहसुन और एक हरी मिर्च भी काट लें, ताकि सब्जी में अच्छा स्वाद आ सके।

ऐसे बनाएं बिना कड़वी खट्टी-मीठी सब्जी
कड़ाही में सरसों का तेल गरम करें। सबसे पहले उसमें हरी सौंफ डालें। फिर लहसुन और हरी मिर्च डाल दें। तेल में थोड़ा हल्दी पाउडर मिलाएं। अब कटा हुआ करेला और प्याज डालकर तेज आंच पर चलाते हुए पकाएं। इसके बाद धनिया पाउडर, नमक और चाहें तो थोड़ा लाल मिर्च पाउडर डालें।
मध्यम आंच पर सब्जी को उलट-पलट कर पकाएं और थोड़ी देर के लिए ढक दें। जब करेला लगभग पक जाए तो एक छोटी चम्मच चीनी और आधा चम्मच आमचूर पाउडर डाल दें। इससे सब्जी में खट्टा-मीठा स्वाद आ जाएगा। अंत में इसे हल्का क्रिस्पी होने तक भून लें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।