कानपुर हादसा: लैंबोर्गिनी से कई लोगों को कुचला, नंबर प्लेट उखाड़ने की कोशिश का वीडियो वायरल
कानपुर में लेम्बोर्गिनी दुर्घटना के बाद नंबर प्लेट हटाने की कोशिश का वीडियो सामने आया है। शिवम मिश्रा मामले में पुलिस जांच जारी है।
उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद नया मोड़ सामने आया है। हादसे के तुरंत बाद शिवम मिश्रा के बाउंसरों द्वारा कार की नंबर प्लेट उखाड़ने की कोशिश का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक बाउंसर कार की नंबर प्लेट निकालने की कोशिश कर रहा है, जबकि दूसरा व्यक्ति वहां मौजूद लोगों को वीडियो बनाने से रोकता नजर आ रहा है। हालांकि नंबर प्लेट पूरी तरह नहीं निकल पाई, लेकिन उसे टेढ़ा जरूर कर दिया गया। इस घटना के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है।
8 फरवरी को हुआ था भीषण हादसा
यह हादसा रविवार, 8 फरवरी को कानपुर के ग्वालटोली इलाके में वीआईपी रोड पर झूला पार्क क्रॉसिंग के पास हुआ था। रेव-3 मॉल के नजदीक तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी थी। बताया जा रहा है कि तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा कार चला रहे थे। कार अनियंत्रित होकर फुटपाथ तक पहुंच गई और वहां चल रहे लोगों को भी चपेट में ले लिया।
महंगी लैंबोर्गिनी कार से मची तबाही
शिवम जिस कार को चला रहे थे, वह महंगी लैंबोर्गिनी बताई जा रही है, जिसकी कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक है। कार ने पहले एक बुलेट मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, जिससे बाइक सवार लोग उछल गए। इसके बाद एक ऑटो-रिक्शा और फुटपाथ पर चल रहे लोगों को भी टक्कर लगी। इस हादसे में कुल 5 से 6 लोग घायल हुए थे, जिनका इलाज कराया गया।
हादसे के बाद शिवम को ले गए बाउंसर, जांच जारी
हादसे के तुरंत बाद शिवम के बाउंसर उन्हें कार से निकालकर वहां से ले गए। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने लैंबोर्गिनी कार को सीज कर लिया है और मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआत में एफआईआर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दर्ज की गई थी, लेकिन बाद में शिवम मिश्रा का नाम जोड़ा गया। शिवम के परिजन और वकील का कहना है कि हादसे के समय कार ड्राइवर चला रहा था। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कहा जा रहा है कि कार में शिवम ही मौजूद थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह साफ करने की कोशिश कर रही है कि हादसे के समय गाड़ी कौन चला रहा था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
